Follow Us on Our Social Media
ChhattisgarhRaipur

रायपुर के क्लब में तलवार से केक काटने का वीडियो वायरल, शिवसेना प्रमुख ने दी सफाई

रायपुर के आमानाका थाना क्षेत्र स्थित टिटोस क्लब का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में छत्तीसगढ़ शिवसेना प्रमुख धनंजय परिहार तलवार से केक काटते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो उनके जन्मदिन के सेलिब्रेशन का है।

वीडियो में क्लब के अंदर बड़ी संख्या में युवक-युवतियां पार्टी करते दिखाई दे रहे हैं। तेज संगीत के बीच धनंजय परिहार तलवार से केक काटते हैं और आसपास मौजूद लोग जश्न मनाते हुए वीडियो बनाते नजर आते हैं।

शिवसेना प्रमुख ने दी सफाई

वायरल वीडियो को लेकर धनंजय परिहार ने कहा कि यह वीडियो करीब 6 महीने पुराना है। उन्होंने बताया कि दोस्तों के कहने पर उन्होंने तलवार से केक काटा था। उनका कहना है कि इसका उद्देश्य किसी को नुकसान पहुंचाना या हमला करना नहीं था।

बताया जा रहा है कि करीब छह महीने पहले कार्यकर्ताओं ने टिटोस क्लब में उनका जन्मदिन मनाया था। इसी दौरान तलवार से केक काटने का वीडियो बनाया गया था, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

रात 12 बजे के बाद पार्टी और शराब परोसने का आरोप

वीडियो में आधी रात के बाद भी क्लब में पार्टी चलती दिखाई दे रही है। इस दौरान शराब परोसे जाने के आरोप भी लगाए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि शहर में बार और क्लबों के संचालन के लिए निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन होना चाहिए।

इस मामले में ADCP पश्चिम राहुल देव शर्मा ने कहा कि वायरल वीडियो की जांच कराई जाएगी। जांच के आधार पर क्लब संचालक समेत वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

क्लब संचालक ने भी दी सफाई

देर रात शराब परोसे जाने के आरोपों पर सफाई देते हुए बताया गया कि क्लब में शराब परोसने का निर्धारित समय रात 12 बजे तक है। इसके बाद ग्राहकों को बाहर निकलने में कुछ समय लग सकता है, लेकिन 12 बजे के बाद शराब नहीं परोसी जाती।

वहीं, क्लब की ओर से यह भी आरोप लगाया गया है कि कुछ लोग ब्लैकमेल करने के इरादे से पुराने वीडियो लगातार सोशल मीडिया पर साझा कर रहे हैं। पुलिस अब वायरल वीडियो की सत्यता और पूरे मामले की जांच करेगी।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button