Follow Us on Our Social Media
Chhattisgarh

CCPL सीजन-3 का आज महामुकाबला, बिलासपुर बुल्स और रायगढ़ लायंस के बीच खिताबी जंग

नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आज छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (CCPL) सीजन-3 का बहुप्रतीक्षित फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। खिताब के लिए बिलासपुर बुल्स और रायगढ़ लायंस आमने-सामने होंगी। पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाली दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर की उम्मीद है।

बिलासपुर बुल्स ने लीग चरण के सभी पांच मुकाबले जीतकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया था। टीम ने पहले सेमीफाइनल में बस्तर बायसंस को सात विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई। पूरे सीजन में अपराजित रहने वाली बिलासपुर बुल्स खिताब की प्रबल दावेदार मानी जा रही है।

IMG 3846

वहीं रायगढ़ लायंस ने लीग चरण में तीन जीत के साथ प्लेऑफ में प्रवेश किया और दूसरे सेमीफाइनल में गत चैंपियन रायपुर राइनोज को नौ विकेट से हराकर फाइनल का टिकट कटाया। टीम के तेज गेंदबाज आयुष सिंह ठाकुर ने सेमीफाइनल में शानदार प्रदर्शन कर जीत में अहम भूमिका निभाई।

सीसीपीएल के इतिहास पर नजर डालें तो पहले सीजन में रायपुर राइनोज ने खिताब जीता था, जबकि पिछले सीजन का फाइनल बारिश के कारण नहीं हो सका था और रायपुर राइनोज व राजनांदगांव पैंथर्स को संयुक्त विजेता घोषित किया गया था। ऐसे में इस बार टूर्नामेंट को नया चैंपियन मिलने जा रहा है।

IMG 3847

फाइनल मुकाबले से पहले दर्शकों के मनोरंजन के लिए दायरा जादू बस्तर बैंड की विशेष प्रस्तुति भी होगी। बैंड का लाइव परफॉर्मेंस शाम 6:30 बजे से शुरू होगा, जिसमें बस्तर की लोक संस्कृति और संगीत की झलक देखने को मिलेगी।

खिताब जीतने वाली टीम को ट्रॉफी के साथ 15 लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी, जबकि उपविजेता टीम को 11 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।

इस बीच क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक और बड़ी खुशखबरी सामने आई है। शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम अब पूरी तरह बीसीसीआई के अधीन आ चुका है। इसके बाद रायपुर में नियमित रूप से अंतरराष्ट्रीय मुकाबले और आईपीएल मैच आयोजित किए जा सकेंगे। साथ ही अक्टूबर में भारत और जिम्बाब्वे महिला टीमों के बीच टी-20 सीरीज के मुकाबले भी रायपुर में खेले जाएंगे।

अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि सीसीपीएल सीजन-3 की ट्रॉफी बिलासपुर बुल्स के हाथ लगेगी या रायगढ़ लायंस इतिहास रचेगी। मुकाबले का फैसला आज मैदान पर होगा।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button