बिग बॉस 20 के पहले वीकेंड पर सलमान की सख्ती, काजी तौकीर की तारीफ; कई कंटेस्टेंट्स को मिला अल्टीमेटम

बिग बॉस 20 के पहले वीकेंड का वार में घरवालों के बीच चल रही खींचतान और विवादों पर सलमान खान ने खुलकर बात की। उन्होंने सुस्त नजर आ रहे कंटेस्टेंट्स को फटकार लगाई और गेम में अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की सलाह दी। वहीं काजी तौकीर को उनके प्रदर्शन के लिए खास तौर पर सराहा गया और उन्हें घर का असली रॉकस्टार बताया गया।
घर में खाने के डिब्बे को लेकर हुआ बड़ा विवाद
वीकेंड का वार से पहले घर में कई मुद्दों को लेकर तनाव देखने को मिला। यंग डीएसए और कनिका मान के बीच दिन में सोने को लेकर बहस हुई। इसके अलावा खाली थाली उठाकर न रखने को लेकर गुल्लू और गेमर स्काउट के बीच भी विवाद हुआ। हालांकि सबसे ज्यादा मामला अमन गांधी और आसिफ खान के बीच डाइनिंग टेबल पर रखे एक डिब्बे को लेकर बिगड़ा। बहस के दौरान दोनों के बीच जमकर अपशब्दों का इस्तेमाल हुआ और मामला हाथापाई तक पहुंचने की स्थिति में आ गया। दूसरे घरवालों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग किया।
सलमान ने काजी तौकीर को बताया रॉकस्टार
सलमान खान ने घरवालों से बातचीत के दौरान काजी तौकीर के गेम और उनके अंदाज की तारीफ की। उन्होंने कहा कि घर में कई सितारे हो सकते हैं, लेकिन असली रॉकस्टार काजी तौकीर हैं। इसके बाद काजी ने अपना खास डांस स्टेप किया, जिसे बाकी घरवालों ने भी दोहराया। माहौल को हल्का करने के लिए मैरी कॉम ने गाना गाया, जबकि यंग डीएसए ने रैप पेश किया।
टास्क के जरिए सामने आई घरवालों की राय
वीकेंड के दौरान कई टास्क कराए गए, जिनमें घरवालों को एक-दूसरे के गेम पर अपनी राय रखने का मौका मिला। ‘बॉस और लॉस’ टास्क में काजी तौकीर को कई कंटेस्टेंट्स ने सबसे मजबूत खिलाड़ी माना। वहीं लव गिल, अमन गांधी और स्काउट को कुछ घरवालों ने कमजोर या पिछड़ता हुआ बताया। टास्क के बाद सलमान ने उदिति सिंह, रोहैद खान और रीति तिवारी को विशेष चेतावनी दी। उन्होंने साफ किया कि अगर ये कंटेस्टेंट्स अब भी निष्क्रिय रहे और अपनी अलग पहचान नहीं बना पाए, तो उनके लिए आगे का सफर मुश्किल हो सकता है।



