कैप्टन स्मित मछार पर कांग्रेस की चुप्पी को लेकर बीजेपी का हमला, गांधी परिवार से पूछा- मौन क्यों?

फ्लाईदुबई फ्लाइट के पायलट कैप्टन स्मित मछार को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि जिन नेताओं ने अतीत में बुरहान वानी, अफजल गुरु, याकूब मेमन और बाटला हाउस जैसे मामलों पर अपनी प्रतिक्रिया दी, वे कैप्टन स्मित की बहादुरी पर खुलकर क्यों नहीं बोल रहे हैं।
सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस नेतृत्व से मांगा जवाब
सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि कैप्टन स्मित मछार ने अपनी जान की परवाह किए बिना विमान में सवार यात्रियों की जान बचाने के लिए साहस दिखाया। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसे बहादुर पायलट के लिए कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की ओर से पर्याप्त प्रशंसा क्यों नहीं सुनाई दे रही है। उन्होंने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस नेतृत्व से इस मामले पर स्पष्ट जवाब देने की मांग की।
त्रिवेदी ने कांग्रेस नेताओं के पुराने बयानों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि पार्टी के नेता कई संवेदनशील मामलों पर तुरंत प्रतिक्रिया देते रहे हैं, लेकिन कैप्टन स्मित के मामले में उनका रवैया अलग नजर आ रहा है। बीजेपी ने इसे कांग्रेस के कथित दोहरे मापदंड से जोड़ते हुए निशाना साधा।
मल्लिकार्जुन खरगे और जयराम रमेश कर चुके हैं तारीफ
हालांकि, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे कैप्टन स्मित मछार की बहादुरी की सार्वजनिक रूप से तारीफ कर चुके हैं। उन्होंने कहा था कि कॉकपिट में हमला होने के दौरान स्मित और उनके क्रू ने असाधारण हिम्मत और सूझबूझ का परिचय दिया। उनके मुताबिक, पायलट ने अपनी जान की परवाह किए बिना विमान में मौजूद करीब 180 यात्रियों की जिंदगी बचाने में अहम भूमिका निभाई।
खरगे ने कैप्टन स्मित के माता-पिता और परिवार को बधाई देते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की थी। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने भी स्मित की बहादुरी, तेज सोच और दृढ़ता की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि कैप्टन स्मित ने जिस तरह की हिम्मत दिखाई, वह हमेशा प्रेरणा देती रहेगी।



