Follow Us on Our Social Media
Chhattisgarh

धमतरी में सड़क निर्माण को मिलेगी रफ्तार, 6 कार्यों के लिए 101 करोड़ 23 लाख की निविदा मंजूर

रायपुर। बरसात के बाद छत्तीसगढ़ में सड़कों के निर्माण और सुधार कार्यों को तेजी देने की तैयारी शुरू हो गई है। लोक निर्माण विभाग ने धमतरी जिले में सड़क निर्माण और विकास से जुड़े 6 कार्यों के लिए कुल 101 करोड़ 23 लाख 55 हजार रुपये की निविदा को मंजूरी दी है। इनमें पांच प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण के साथ आमदी नगर पंचायत में फोरलेन गौरव पथ निर्माण और सौंदर्यीकरण का कार्य शामिल है।

लोक निर्माण मंत्री एवं उप मुख्यमंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद विभाग ने निविदाओं को मंजूरी दी है। इसके साथ ही धमतरी क्षेत्र के कार्यपालन अभियंता को चयनित ठेकेदारों और निर्माण एजेंसियों को कार्यादेश जारी कर तत्काल काम शुरू कराने के निर्देश दिए गए हैं।

इन सड़कों का होगा चौड़ीकरण और मजबूतीकरण

लोक निर्माण विभाग ने मेघा रोड तिराहा-स्टेशन रोड-चरमुड़िया-राष्ट्रीय राजमार्ग-30 मार्ग के 3.75 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण के लिए 14 करोड़ 45 लाख 12 हजार रुपये की निविदा मंजूर की है।

इसी तरह पचपेड़ी-तर्रागोंदी-भेलवाकूदा-टिपानी-सेमरा (बी) मार्ग के 5 किलोमीटर हिस्से के लिए 13 करोड़ 32 लाख 82 हजार रुपये और छाती-गागरा-कंडेल-देवपुर मार्ग के 9 किलोमीटर हिस्से के लिए 23 करोड़ 12 लाख 46 हजार रुपये की निविदा स्वीकृत की गई है।

वहीं अर्जुनी-भानपुरी-तरसींवा-कुर्रा-अमलीडीह-हसदा सड़क के 10 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण के लिए 19 करोड़ 42 लाख 22 हजार रुपये की निविदा मंजूर हुई है।

इसके अलावा राजनांदगांव-गुंडरदेही-धमतरी-नगरी सिहावा-बोराई राज्य मार्ग के 23 किलोमीटर हिस्से के मजबूतीकरण और डामरीकरण के लिए 11 करोड़ 70 लाख 83 हजार रुपये की निविदा को मंजूरी दी गई है।

आमदी में बनेगा फोरलेन गौरव पथ

इसी राज्य मार्ग पर पड़ने वाली आमदी नगर पंचायत में 3.50 किलोमीटर लंबे फोरलेन गौरव पथ के निर्माण और सौंदर्यीकरण का कार्य भी कराया जाएगा। इसके लिए विभाग ने 19 करोड़ 26 लाख 10 हजार रुपये की निविदा स्वीकृत की है।

विभाग के अनुसार, इन सभी निविदाओं को अनुबंध से पहले ठेकेदारों से पूरी कार्य अवधि के लिए प्रभावशील एपीएस (Additional Performance Security) की बैंक गारंटी प्राप्त करने की शर्त पर मंजूरी दी गई है।

गुणवत्ता और समय-सीमा पर विशेष जोर

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने धमतरी क्षेत्र के कार्यपालन अभियंता को निर्माण कार्यों की निगरानी विभागीय मापदंडों के अनुसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा है।

उन्होंने यह भी निर्देश दिया है कि स्वीकृत कार्यों को किसी अन्य एजेंसी को सबलेट न किया जाए और कार्य के लिए पावर ऑफ अटॉर्नी को मान्य न किया जाए। इसके अलावा सभी कार्यों को निर्धारित अनुबंधित समयावधि में पूरा करने और प्रशासकीय स्वीकृति व आवंटन की सीमा के भीतर ही कार्य कराने के निर्देश दिए गए हैं।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button