हेलमेट लगाकर स्कूटी से शहर की सफाई देखने निकले डिप्टी CM अरुण साव, गंदगी देख अधिकारियों को लगाई फटकार

अंबिकापुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव गुरुवार सुबह हेलमेट लगाकर खुद स्कूटी चलाते हुए अंबिकापुर शहर की सफाई व्यवस्था का जायजा लेने निकल पड़े। इस दौरान उन्होंने सत्तीपारा इलाके का निरीक्षण किया, जहां कचरे के ढेर और तालाब में फैली गंदगी देखकर अधिकारियों को फटकार लगाई और तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान तालाब में मूर्ति विसर्जन के बाद बची लकड़ियां और अन्य अवशेष नजर आए। बताया गया कि विसर्जन के बाद से अब तक निगम प्रशासन की ओर से तालाब की पूरी तरह सफाई नहीं कराई गई है। वहीं, आगामी नवरात्रि को देखते हुए एक बार फिर मूर्ति विसर्जन होने की संभावना है, जिससे तालाब में गंदगी और बढ़ सकती है।
स्थिति को गंभीरता से लेते हुए डिप्टी CM अरुण साव ने अधिकारियों को समय सीमा के भीतर सफाई कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर की सफाई व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अंबिकापुर की महापौर मंजूषा भगत, सभापति समेत नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।



