Follow Us on Our Social Media
Chhattisgarh

स्मृति ईरानी 25-26 अक्टूबर को रायपुर दौरे पर, अभनपुर में कार्यकर्ताओं के साथ सुनेंगी ‘मन की बात’

रायपुर। भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी और सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभू 25 और 26 अक्टूबर को रायपुर प्रवास पर रहेंगे। दो दिवसीय दौरे के दौरान दोनों नेता प्रदेश भाजपा संगठन के प्रमुख नेताओं, पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और विचार परिवार के सदस्यों के साथ विभिन्न बैठकों में शामिल होंगे। स्मृति ईरानी 25 अक्टूबर को अभनपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को सुनेंगी। इसके बाद प्रदेश भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में संगठनात्मक बैठकों का दौर चलेगा।

इस दौरे की खास बात यह है कि जून में इसी अभनपुर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर में शामिल हुए थे। अब यहां स्मृति ईरानी भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुनेंगी।

25 अक्टूबर को संगठन के नेताओं के साथ बैठकें

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, स्मृति ईरानी 25 अक्टूबर की सुबह रायपुर पहुंचेंगी। सुबह 11 बजे से 11:30 बजे तक वह अभनपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ ‘मन की बात’ सुनेंगी। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री संगठन और प्रदेश महामंत्रियों के साथ बैठक करेंगी।

पहले दिन प्रदेश पदाधिकारियों, संभाग प्रभारियों एवं सह प्रभारियों, जिला प्रभारियों एवं सह प्रभारियों तथा जिला अध्यक्षों के साथ चर्चा की जाएगी। इसके अलावा पूर्व विधायकों, पूर्व सांसदों और पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक भी आयोजित होगी। दौरे के पहले दिन भाजपा कोर ग्रुप की बैठक भी निर्धारित है।

26 अक्टूबर को विधायक, सांसद और मंत्रियों से चर्चा

दौरे के दूसरे दिन, 26 अक्टूबर को स्मृति ईरानी और सिद्धार्थ शंभू विधायक, सांसद तथा मंत्रियों के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगे। इसके बाद निगम-मंडल, आयोग और बोर्ड के अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों के साथ चर्चा होगी। कार्यक्रम में विचार परिवार के सदस्यों के साथ बैठक भी शामिल है।

संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों पर होगा मंथन

दो दिवसीय प्रवास के दौरान प्रदेश भाजपा संगठन की गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक कार्ययोजना पर चर्चा होने की संभावना है। पार्टी के विभिन्न स्तरों के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ होने वाली बैठकों को संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

प्रवास के दौरान स्मृति ईरानी और सिद्धार्थ शंभू के ठहरने की व्यवस्था रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में की गई है।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button