स्मृति ईरानी ने भाजपा सांसदों के साथ की बैठक, संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल पर जोर

रायपुर। भाजपा की छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी ने अपने पहले छत्तीसगढ़ प्रवास के दूसरे दिन पार्टी सांसदों के साथ बैठक की। बैठक में संगठन और सरकार के कामकाज को बेहतर बनाने, जनप्रतिनिधियों की भूमिका और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में शामिल सांसदों ने इसके संबंध में जानकारी साझा की।
संगठन और सरकार मिलकर करें काम: बृजमोहन अग्रवाल
भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने बताया कि बैठक में संगठन और सरकार के कामकाज को बेहतर बनाने के लिए सुझाव लिए गए। स्मृति ईरानी ने भी बेहतर कार्यप्रणाली को लेकर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि सरकार में रहते हुए संगठन, सांसदों, विधायकों और कार्यकर्ताओं की क्या भूमिका होनी चाहिए, इस पर चर्चा हुई।
बृजमोहन अग्रवाल के मुताबिक, संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। दोनों मिलकर काम करेंगे, तभी आने वाले समय में दोबारा सरकार में आकर जनता की सेवा करने का अवसर मिलेगा।
सांसदों से वन-टू-वन चर्चा, योजनाओं पर लिया फीडबैक
सांसद विजय बघेल ने बताया कि स्मृति ईरानी ने सांसदों के साथ वन-टू-वन चर्चा की और उनसे फीडबैक लिया। बैठक में इस बात पर भी विस्तार से चर्चा हुई कि उनके-अपने लोकसभा क्षेत्रों में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाएं किस तरह लोगों तक पहुंच रही हैं। सांसदों ने संबंधित मुद्दों पर खुलकर अपने विचार रखे।
विचारधारा को धरातल पर उतारने पर मंथन
राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने बताया कि बैठक में पार्टी की विचारधारा को धरातल पर उतारने और सत्ता तथा संगठन के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने पर मंथन हुआ। स्मृति ईरानी ने जनप्रतिनिधियों से सुझाव मांगे और सांसदों ने भी अपने विचार साझा किए।
लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि स्मृति ईरानी छत्तीसगढ़ की स्थिति से परिचित हैं और संगठन की जिम्मेदारी को बखूबी निभाएंगी।
बैठक को भाजपा संगठन और सरकार के बीच समन्वय मजबूत करने तथा आगामी समय में जनहित के कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



