महादेव सट्टा ऐप मामले में एक और बड़ी कार्रवाई, सह-संचालक रवि उप्पल की दुबई में गिरफ्तारी की खबर

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में एक और बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। ऐप के सह-संचालक और करोड़ों रुपये के कथित सट्टा सिंडिकेट के प्रमुख आरोपी रवि उप्पल को दुबई में गिरफ्तार किए जाने की खबर है। हालांकि, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की ओर से भारत सरकार को अब तक गिरफ्तारी की आधिकारिक सूचना नहीं दी गई है। वहीं, प्रवर्तन निदेशालय (ED) और केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) उसे भारत लाने की तैयारी में जुटे हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय जांच एजेंसियों को अनौपचारिक माध्यमों से रवि उप्पल की गिरफ्तारी की जानकारी मिली है। हालांकि, UAE की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। यह घटनाक्रम महादेव सट्टा ऐप के एक अन्य आरोपी सौरभ चंद्राकर के ओमान से भारत प्रत्यर्पण के करीब पांच दिन बाद सामने आया है। जांच एजेंसियां अब रवि उप्पल के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया तेज करने में जुटी हैं।
2023 में जारी हुआ था इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस
बताया जाता है कि भिलाई निवासी रवि उप्पल दुबई से महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप का संचालन करता था। उसके खिलाफ अक्टूबर 2023 में इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था। दिसंबर 2023 में दुबई में उसे हिरासत में लिया गया था, लेकिन करीब 45 दिन बाद रिहा कर दिया गया।
इसके बाद जनवरी 2024 में प्रवर्तन निदेशालय ने उसके प्रत्यर्पण का अनुरोध किया था। अब गिरफ्तारी की खबर सामने आने के बाद भारतीय एजेंसियां उसे देश लाने की प्रक्रिया में जुटी हैं।
सौरभ चंद्राकर 8 दिन की कस्टोडियल रिमांड पर
इधर, महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप मामले के आरोपी सौरभ चंद्राकर को बुधवार को रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसकी 8 दिन की कस्टोडियल रिमांड मंजूर कर दी है। साथ ही CBI को उसे दिल्ली स्थित अपने मुख्यालय ले जाकर पूछताछ करने की अनुमति भी मिल गई है।
अब CBI की टीम दिल्ली में सौरभ से पूछताछ करेगी। एजेंसी उससे महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप के संचालन, कथित सट्टेबाजी नेटवर्क, आर्थिक लेन-देन और इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा सकती है।



