राज्योत्सव में अभिजीत भट्टाचार्य की दोटूक नसीहत, बोले- मंच पर सिर्फ होंठ हिलाकर गाने वालों को नहीं करना चाहिए बर्दाश्त

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के समापन समारोह में मंगलवार रात बॉलीवुड गायक अभिजीत भट्टाचार्य ने अपनी शानदार लाइव प्रस्तुति से दर्शकों का मनोरंजन किया। इस दौरान उन्होंने कलाकारों की जिम्मेदारी और लाइव गायन की अहमियत पर भी खुलकर बात की। हाल ही में दलेर मेहंदी से जुड़े एक घटनाक्रम का जिक्र करते हुए उन्होंने कलाकारों को मंच पर ईमानदारी से प्रस्तुति देने की सख्त नसीहत दी।
हालांकि, अभिजीत ने दलेर मेहंदी का नाम नहीं लिया, लेकिन उनका इशारा हाल ही में हुए उस विवाद की ओर था, जिसमें एक मंत्री ने मंच पर गायक को लाइव नहीं गाने को लेकर टोका था।
लिप सिंकिंग करने वाले कलाकारों पर साधा निशाना
अभिजीत ने कहा कि अगर कोई कलाकार माइक लेकर लाइव गाने के नाम पर सिर्फ होंठ हिला रहा है, तो इसे बर्दाश्त नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले एक कार्यक्रम में मंत्री ने गायक से कहा था कि जब आपसे खड़ा नहीं हुआ जा रहा, तो गाना कैसे गा रहे हैं। अभिजीत के मुताबिक, मंत्री ने बिल्कुल सही बात कही थी, लेकिन इसके बावजूद उन्हें विलेन बना दिया गया।
उन्होंने छत्तीसगढ़ के दर्शकों और आयोजकों से अपील की कि यहां इस तरह की बेईमानी नहीं होने देनी चाहिए।
बोले- खराब गाऊंगा, लेकिन लाइव गाऊंगा
अपनी प्रस्तुति को लेकर अभिजीत ने साफ शब्दों में कहा, “मैं जैसा भी गाऊंगा, गलत गाऊंगा, खराब गाऊंगा, गला खराब रहेगा, थक जाऊंगा या बेसुरा गाऊंगा, लेकिन जो भी गाऊंगा लाइव गाऊंगा।”
उन्होंने कहा कि दर्शक अपना कीमती समय निकालकर कार्यक्रम में पहुंचते हैं। आयोजन पर काफी खर्च होता है और इसे सफल बनाने के लिए प्रशासन, विभाग और आयोजकों को कड़ी मेहनत करनी पड़ती है। ऐसे में कलाकारों को दर्शकों के भरोसे और आयोजन से जुड़े लोगों की मेहनत का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे गाने के नाम पर कभी धोखा नहीं देंगे और केवल होंठ हिलाकर प्रस्तुति नहीं देंगे।
‘आशिक हूं मैं, कातिल भी हूं’ से की शुरुआत
ब्लैक कुर्ता-पायजामा और सफेद जैकेट पहने अभिजीत ने अपने कार्यक्रम की शुरुआत ‘आशिक हूं मैं, कातिल भी हूं’ गाने से की। इसके बाद उन्होंने ‘बहुत खूबसूरत हो’ और ‘वादा रहा सनम’ जैसे लोकप्रिय गीत सुनाए।
‘बहुत खूबसूरत हो’ गाने के बाद उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, “मुझे रायपुर पहले क्यों नहीं बुलाया गया। एक-एक को देख लूंगा।” उनकी इस बात पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं।
साउंड सिस्टम ने डाला खलल, फिर भी जारी रखी प्रस्तुति
कार्यक्रम के दौरान साउंड सिस्टम ने कई बार परेशानी पैदा की। माइक बंद होने पर अभिजीत ने मंच से नाराजगी जताते हुए कहा, “मेरा माइक किसने बंद किया। आप लोग अच्छे सिंगर हैं। मतलब मुझे गाने नहीं देंगे।”
खराब साउंड के बावजूद उन्होंने अपनी प्रस्तुति जारी रखी। बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि उन्होंने कई फ्लॉप फिल्मों में भी अच्छे गाने गाए हैं। छह हजार से अधिक गाने गाने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि डेढ़ से दो घंटे में इतने सारे गीत सुनाना आसान नहीं है।
बारिश और कीचड़ के बावजूद दर्शक देर रात तक मैदान में डटे रहे और उनके लोकप्रिय गीतों का आनंद लिया। करीब 20 गीतों की प्रस्तुति के बाद रात 12:10 बजे कार्यक्रम का समापन हुआ।



