National

कोलकाता के कॉलेज में छात्रसंघ कक्ष से मिला 1 करोड़ कैश, BJP ने की ईडी जांच की मांग

दिल्ली। कोलकाता के प्रतिष्ठित सुरेंद्रनाथ कॉलेज में एक चौंकाने वाला मामला सामने आने के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति गरमा गई है। कॉलेज के एक वर्ष से बंद पड़े छात्रसंघ कक्ष से करीब एक करोड़ रुपये नकद, एक रिवॉल्वर, शराब की बोतलें, कंडोम के पैकेट और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद होने का दावा किया गया है। इस घटना के बाद भारतीय जनता पार्टी ने मामले की प्रवर्तन निदेशालय (ED) से जांच कराने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, राज्य सरकार ने कॉलेजों में छात्रसंघ निधि और वित्तीय लेनदेन की समीक्षा के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में कॉलेज प्रशासन ने लंबे समय से बंद छात्रसंघ कक्ष को साफ-सफाई और निरीक्षण के लिए खोला। कमरे की तलाशी के दौरान एक पुरानी अलमारी से दो बड़े बक्से मिले, जिनमें 100 और 500 रुपये के नोटों की गड्डियां भरी हुई थीं। बताया जा रहा है कि नकदी का एक हिस्सा दीमक से प्रभावित भी था।

रिवाल्वर-कंडोम के पैकेट भी मिले

कॉलेज प्रशासन के अनुसार, बरामद नकदी की कुल राशि लगभग एक करोड़ रुपये आंकी गई है। इसके अलावा कमरे से एक रिवॉल्वर, शराब की बोतलें, कंडोम के पैकेट और अन्य सामान भी मिला है। बरामदगी के बाद कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया और मामले की सूचना संबंधित अधिकारियों को दी गई।

भारतीय जनता पार्टी ने इस मामले को कथित प्रवेश घोटाले और भ्रष्टाचार से जोड़ते हुए राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। भाजपा नेताओं का कहना है कि इतनी बड़ी मात्रा में नकदी मिलने की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और इसके स्रोत का पता लगाया जाना चाहिए। पार्टी ने इस मामले में ईडी जांच की मांग करते हुए इसे शिक्षा संस्थानों में भ्रष्टाचार का गंभीर उदाहरण बताया है।

पैसा किसका अब तक पता नहीं चला

हालांकि, मामले को लेकर अभी आधिकारिक जांच जारी है और बरामद नकदी व अन्य सामान के स्रोत को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है। पुलिस और संबंधित एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं। इस बीच घटना ने राज्य की राजनीति और शिक्षा जगत में नई बहस छेड़ दी है।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button