Chhattisgarh

नगरीय निकाय उपचुनाव में भाजपा की बढ़त पर स्वास्थ्य मंत्री का दावा, बोले- जनता ने साय सरकार पर जताया भरोसा

रायपुर। छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय उपचुनाव के नतीजों के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। शुरुआती रुझानों और परिणामों में भाजपा की बढ़त पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने खुशी जताते हुए इसे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली सरकार के कामकाज पर जनता की मुहर बताया है। उन्होंने प्रदेश की जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं का आभार भी व्यक्त किया।

स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में राज्य सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों का ही परिणाम है कि नगरीय निकायों से लेकर ग्राम पंचायत और जिला पंचायत चुनावों तक भाजपा को लगातार समर्थन मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि उपचुनाव के रुझान स्पष्ट रूप से भाजपा के पक्ष में हैं और यह दर्शाता है कि प्रदेश की जनता सरकार के कामकाज से संतुष्ट है।

कांग्रेस द्वारा भाजपा की जीत को “पैसों की जीत” बताए जाने पर मंत्री ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस अपनी हार स्वीकार करने के बजाय हमेशा बहाने तलाशती है। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस जीतती है तो उसे जनता का समर्थन बताती है, लेकिन हारने पर चुनाव प्रक्रिया और विरोधियों पर सवाल उठाने लगती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लगातार चुनावों में हार का सामना कर रही है और परिणाम आने के बाद दूसरों को दोष देने की राजनीति कर रही है।

आगामी चुनावों को लेकर भाजपा की रणनीति पर बोलते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हुए उपचुनावों के परिणाम यह संकेत दे रहे हैं कि जनता का भरोसा भाजपा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व पर लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी भाजपा को जनता का समर्थन मिलता रहेगा।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button