Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ परिवहन विभाग में बड़ा फेरबदल: 165 अफसर-कर्मचारियों को नई जिम्मेदारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ परिवहन विभाग में प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए बड़े पैमाने पर तबादले किए गए हैं। परिवहन आयुक्त कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार विभाग के 165 अधिकारियों और कर्मचारियों का स्थानांतरण किया गया है। यह आदेश अपर परिवहन आयुक्त डी. रविशंकर के हस्ताक्षर से जारी हुआ है। तबादलों में परिवहन निरीक्षक, उपनिरीक्षक, सहायक उपनिरीक्षक, प्रधान आरक्षक और आरक्षक स्तर के कर्मचारियों को शामिल किया गया है।

जारी आदेश के मुताबिक 46 परिवहन निरीक्षक, 50 परिवहन उपनिरीक्षक, 16 सहायक उपनिरीक्षक, 35 प्रधान आरक्षक और 18 आरक्षकों की नई पदस्थापना की गई है। विभाग ने इस व्यापक फेरबदल को नियमित प्रशासनिक रोटेशन प्रक्रिया का हिस्सा बताया है। अधिकारियों का कहना है कि इससे विभागीय कार्यों में पारदर्शिता और कार्यकुशलता बढ़ेगी।

इस तबादला सूची में कई महत्वपूर्ण नियुक्तियां भी की गई हैं। कोरबा उड़नदस्ता में पदस्थ परिवहन निरीक्षक अनुपम पटेल को नारायणपुर का प्रभारी जिला परिवहन अधिकारी (DTO) बनाया गया है। वहीं दुर्ग में पदस्थ सनत कुमार जागड़े को बीजापुर जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन दोनों जिलों में नए अधिकारियों की तैनाती को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इसके अलावा कृष्ण कुमार चौबे को अंबिकापुर से चिल्फी चेकपोस्ट, वैभव शुक्ला को रायपुर से रामानुजगंज और मोहम्मद आबिद खान को कोटा से धनपुंजी चेकपोस्ट भेजा गया है। वहीं संतोष कुमार राठौर, चंद्र कुमार साहू और अरुणा साहू को रायपुर उड़नदस्ता में पदस्थ किया गया है।

महेंद्र कुमार कुलदीप को परिवहन कार्यालय बिलासपुर, राजेंद्र कुमार बर्मन को पाटेकोहरा चेकपोस्ट से रायगढ़ उड़नदस्ता, केशव प्रसाद राजवाड़े को दुर्ग उड़नदस्ता तथा जितेंद्र भूषण को पाटेकोहरा चेकपोस्ट की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

परिवहन विभाग ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। विभागीय सूत्रों के अनुसार यह फेरबदल प्रदेशभर में परिवहन व्यवस्था को अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने और मैदानी स्तर पर निगरानी को मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया है। इससे विभागीय कामकाज में गति आने और प्रशासनिक नियंत्रण बेहतर होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button