SpaceX IPO पर निवेशकों की नजर, Nasdaq-100 फंड्स के जरिए भारतीयों को मिल सकता है अप्रत्यक्ष निवेश का मौका

अरबपति कारोबारी Elon Musk की कंपनी SpaceX के संभावित IPO को लेकर दुनियाभर के निवेशकों में उत्साह है। रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी करीब 75 अरब डॉलर जुटाने की तैयारी में है और उसका अनुमानित मूल्यांकन 1.75 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच सकता है। यदि यह IPO आता है, तो यह दुनिया के सबसे बड़े सार्वजनिक निर्गमों में शामिल हो सकता है।
हालांकि भारतीय निवेशक सीधे SpaceX के IPO में निवेश नहीं कर पाएंगे, लेकिन वे Nasdaq-100 आधारित म्यूचुअल फंड्स के जरिए कंपनी की संभावित ग्रोथ का अप्रत्यक्ष लाभ उठा सकते हैं।
Nasdaq-100 में शामिल होने पर मिलेगा फायदा
विशेषज्ञों का मानना है कि भविष्य में SpaceX को Nasdaq-100 इंडेक्स में जगह मिल सकती है। इस इंडेक्स में Apple, Microsoft, NVIDIA, Amazon, Alphabet और Meta Platforms जैसी दिग्गज कंपनियां शामिल हैं।
यदि SpaceX इस इंडेक्स का हिस्सा बनती है, तो Nasdaq-100 को ट्रैक करने वाले फंड्स को उसके शेयर खरीदने होंगे। इससे इन फंड्स में निवेश करने वाले भारतीय निवेशकों को भी अप्रत्यक्ष रूप से SpaceX का एक्सपोजर मिलेगा।
इन म्यूचुअल फंड्स पर रहेगी नजर
- Axis Nasdaq 100 US Specific Equity Passive Fund of Fund
- ICICI Prudential Nasdaq 100 Index Fund
- Invesco India EQQQ Nasdaq-100 ETF Fund of Fund
- Motilal Oswal Nasdaq 100 Fund of Fund
- Navi Nasdaq100 US Specific Equity Passive Fund of Fund
क्यों खास है SpaceX?
SpaceX केवल रॉकेट निर्माण कंपनी नहीं है, बल्कि अंतरिक्ष तकनीक, सैटेलाइट इंटरनेट और भविष्य की स्पेस इकोनॉमी में बड़ी भूमिका निभाने वाली कंपनी मानी जाती है। यही वजह है कि इसका संभावित IPO वैश्विक निवेशकों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।

