पीएम आवास योजना: चार साल में बदली तस्वीर, विजय शर्मा ने सीएम साय को लिखा आभार पत्र

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकार बदलने के साथ प्रधानमंत्री आवास योजना की तस्वीर भी बदल गई है। चार साल पहले तत्कालीन पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री टीएस सिंहदेव ने पर्याप्त फंड नहीं मिलने का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। वहीं अब वर्तमान पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखकर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिली उपलब्धियों के लिए आभार व्यक्त किया है।
टीएस सिंहदेव ने 22 जुलाई 2022 को तत्कालीन मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा था कि फंड की कमी के कारण प्रधानमंत्री आवास योजना की स्थिति बेहद खराब है और सरकार के कार्यकाल में बेघर लोगों के लिए एक भी नया आवास नहीं बनाया जा सका।
वहीं विजय शर्मा ने अपने पत्र में बताया कि भाजपा सरकार ने चुनाव से पहले गरीबों को पक्का मकान देने का जो वादा किया था, उसे सरकार बनने के बाद पूरा किया गया। उन्होंने कहा कि 14 दिसंबर 2023 को हुई पहली कैबिनेट बैठक में कुल 18,12,742 आवासों को पूरा करने का संकल्प लिया गया था।
इनमें शामिल हैं:
- 2,46,215 अपूर्ण आवास
- आवास प्लस सूची के 6,99,438 आवास
- 8,19,999 अन्य लंबित आवास
- मुख्यमंत्री आवास योजना के 47,090 आवास
इसके अलावा पीएम जनमन योजना के 33,601 और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के लिए 15,000 विशेष आवास भी बनाए जा रहे हैं।
विजय शर्मा ने पत्र में उल्लेख किया कि पूर्व मंत्री टीएस सिंहदेव ने स्वयं स्वीकार किया था कि उनकी सरकार गरीबों के आवास के लिए राशि उपलब्ध नहीं करा सकी थी। जबकि वर्तमान सरकार ने 26,908 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान कर गरीबों के पक्के घर का सपना साकार किया है।
उन्होंने बताया कि “मोर आवास-मोर अधिकार” अभियान के तहत पिछले ढाई वर्षों में राज्य में 10.60 लाख से अधिक आवास पूरे किए जा चुके हैं। अप्रैल से अक्टूबर 2025 के बीच छत्तीसगढ़ में प्रतिदिन औसतन 2,000 आवास पूरे किए गए, जो देश में सर्वाधिक रहा। वर्तमान में भी राज्य में प्रतिदिन 1,600 से अधिक आवासों का निर्माण पूरा किया जा रहा है।
वर्ष 2025-26 में छत्तीसगढ़ ने 6 लाख से अधिक आवास पूरे कर देश में अग्रणी स्थान हासिल किया। साथ ही पिछली सरकार की मुख्यमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों की लंबित राशि का भी भुगतान किया गया।
मंत्री ने बताया कि “आवास प्लस 2.0-2024” के तहत कच्चे मकानों में रहने वाले पात्र परिवारों का सर्वेक्षण किया गया है और आगे की प्रक्रिया तेजी से जारी है।
अंत में विजय शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

