छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिन बदलेगा मौसम का मिजाज, बारिश-अंधड़ का अलर्ट; 50 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आने वाले 5 दिनों तक मौसम (Weather) का बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में अंधड़ चलने की संभावना भी जताई गई है। हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में बनने वाले मौसमी सिस्टम के प्रभाव से कई जिलों में बादल छाए रहेंगे। बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। खासकर खुले स्थानों पर रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने कहा गया है।
पिछले 24 घंटे के मौसम (Weather) की स्थिति पर नजर डालें तो उत्तर छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि प्रदेश के अन्य हिस्सों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ। इस दौरान कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश भी रिकॉर्ड की गई।
तापमान के लिहाज से बिलासपुर प्रदेश का सबसे गर्म (Weather) शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गर्मी और उमस के बीच बारिश की संभावना से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
रायपुर में बारिश और आंधी का अलर्ट
राजधानी रायपुर में सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने यहां भी गरज-चमक, बारिश और धूलभरी आंधी की संभावना जताई है। शहर में अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। लोगों को तेज हवाओं और वज्रपात के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

