National

मानसून ने पकड़ी रफ्तार, 48 घंटे में मुंबई पहुंचने के आसार: यूपी-एमपी में आंधी-बारिश का कहर, 2 की मौत

दिल्ली। देशभर में प्री-मानसून ( Monsoon) गतिविधियां तेज हो गई हैं।

करीब 15 दिनों से छत्तीसगढ़ की सीमा पर रुका मानसून अब आगे बढ़ने लगा है और पश्चिमी तट पर मुंबई से महज 20 किलोमीटर दूर अलीबाग तक पहुंच चुका है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 से 48 घंटे में मानसून मुंबई में दस्तक दे सकता है। हालांकि उत्तर भारत के कई राज्यों को अभी मानसून के लिए कुछ और इंतजार करना पड़ सकता है।

सोमवार को मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली में आंधी-बारिश का दौर देखने को मिला। मध्य प्रदेश के 17 जिलों में बारिश हुई। छतरपुर जिले में आकाशीय बिजली गिरने से दो युवतियां झुलस गईं, जिनमें से एक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

उत्तर प्रदेश में भी मौसम ( Monsoon) ने अचानक करवट ली। बस्ती समेत छह शहरों में तेज आंधी और बारिश हुई। बस्ती में कई पेड़ और बिजली के पोल उखड़ गए। एक बड़ा पेड़ सड़क किनारे खड़ी कार पर गिर गया, जबकि पोल गिरने से यातायात प्रभावित हुआ और जाम की स्थिति बन गई।

पंजाब के अमृतसर में आंधी के दौरान पेड़ गिरने से एक बच्चे की मौत हो गई। वहीं राजस्थान के जयपुर, बीकानेर, कोटा और श्रीगंगानगर सहित कई इलाकों में तेज बारिश हुई। श्रीगंगानगर में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी दर्ज की गई, जिससे सड़कों पर पानी भर गया।

मौसम विभाग ( Monsoon) के मुताबिक मानसून महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड और बिहार के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ा है, लेकिन इसकी रफ्तार फिलहाल धीमी बनी हुई है। कमजोर मानसूनी हवाओं के कारण मध्य प्रदेश, विदर्भ और उत्तर प्रदेश में मानसून पहुंचने में एक सप्ताह तक का समय लग सकता है। वहीं दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में जुलाई के शुरुआती दिनों तक इंतजार करना पड़ सकता है।

देश के कई हिस्सों में गर्मी का असर भी बरकरार है। प्रयागराज 43.3 डिग्री सेल्सियस के साथ देश का सबसे गर्म शहर रहा। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश और मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, विदर्भ व छत्तीसगढ़ में हीटवेव तथा आंधी-बारिश की चेतावनी जारी की है।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button