बिलासपुर सेंट्रल जेल में कैदी की हत्या, सीमेंट स्लैब से हमला करने का आरोप
सेंट्रल जेल की ई-1 बैरक में खूनी वारदात, घायल कैदी ने अस्पताल में तोड़ा दम

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर केंद्रीय जेल(Jail) में एक विचाराधीन कैदी की हत्या का मामला सामने आया है। ई-1 बैरक में बंद पोक्सो मामले के आरोपी नीलू जगत पर उसी बैरक में बंद आजीवन कारावास की सजा काट रहे राजेश राय ने कथित तौर पर सीमेंट स्लैब से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल नीलू जगत को तत्काल उपचार के लिए सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, नीलू जगत नवंबर 2024 से पोक्सो मामले में न्यायिक हिरासत में केंद्रीय जेल(Jail) में बंद था। वहीं, आरोपी राजेश राय हत्या के कई मामलों में सजा काट रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि राजेश राय ने नाली का टूटा हुआ सीमेंट स्लैब उठाकर नीलू जगत पर हमला किया। हमले में उसे गंभीर चोटें आईं और बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि राजेश राय पहले भी हत्या के तीन और हत्या के प्रयास के दो मामलों में आरोपी रह चुका है। साथ ही शुरुआती जानकारी में दोनों बंदियों के मानसिक रूप से अस्वस्थ होने और उनका उपचार चलने की बात भी सामने आई है।
घटना के बाद केंद्रीय जेल(Jail) परिसर में हड़कंप मच गया। जेल प्रशासन और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जेल अधीक्षक खोमेश मंडावी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की विस्तृत जांच कराई जा रही है। वहीं, जेल के भीतर एक बंदी द्वारा सीमेंट स्लैब जैसे भारी वस्तु का इस्तेमाल कर वारदात को अंजाम दिए जाने के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि बैरक के भीतर यह वस्तु कैसे पहुंची और निगरानी व्यवस्था में कहां चूक हुई।

