एक शिक्षक के भरोसे चल रही चितावर की स्कूल, ग्रामीणों ने खोला मोर्चा
चितावर स्कूल में शिक्षकों की कमी पर ग्रामीण नाराज, आंदोलन की चेतावनी

बिलासपुर। ग्राम पंचायत चितावर स्थित पूर्व माध्यमिक शाला में शिक्षकों की कमी को लेकर ग्रामीणों, अभिभावकों और विद्यार्थियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले तीन वर्षों से संचालित इस स्कूल में फिलहाल केवल एक शिक्षक(Teacher) पदस्थ है, जो सभी कक्षाओं का संचालन कर रहा है। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा नहीं मिल पा रही है।
डीईओ और बीईओ से कई बार शिकायत, फिर भी नहीं दूर हुई समस्या
ग्रामीणों के मुताबिक इस समस्या को लेकर कई बार जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) और विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) कार्यालय को लिखित और मौखिक रूप से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है। एक ही शिक्षक(Teacher) के भरोसे पूरी स्कूल व्यवस्था चलने से बच्चों के भविष्य को लेकर अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है।
नए सत्र की शुरुआत, लेकिन चितावर स्कूल में अब भी शिक्षकों का इंतजार
ग्रामीणों ने बताया कि नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत 16 जून से हो चुकी है, लेकिन अब तक स्कूल में पर्याप्त संख्या में शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की गई है। साथ ही पठन-पाठन से जुड़ी आवश्यक सामग्री की भी कमी बनी हुई है। ऐसे में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
सरपंच प्रतिनिधि देवा सिंगरौल ने कहा कि गांव के लोगों ने कई बार शिक्षा विभाग के अधिकारियों से इस संबंध में मांग की है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका है। उन्होंने शासन और प्रशासन से जल्द से जल्द अतिरिक्त शिक्षकों की नियुक्ति और जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की है।
ग्रामीणों, अभिभावकों और विद्यार्थियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही स्कूल में शिक्षक(Teacher) की संख्या नहीं बढ़ाई गई और पठन-पाठन की समुचित व्यवस्था नहीं की गई, तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। जरूरत पड़ने पर चक्का जाम जैसे कदम भी उठाए जा सकते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से विद्यार्थियों के हित में तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

