अगले हफ्ते निवेशकों की होगी कमाई, कई बड़ी कंपनियां देंगी ₹130 तक का डिविडेंड

शेयर बाजार के निवेशकों के लिए अगला हफ्ता कमाई का अच्छा मौका लेकर आ रहा है। कई बड़ी कंपनियां अपने शेयरधारकों को डिविडेंड देने जा रही हैं। इनमें बजाज होल्डिंग्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टेक महिंद्रा, स्वराज इंजिन्स और महाराष्ट्र स्कूटर्स जैसी कंपनियां शामिल हैं।
सबसे बड़ा डिविडेंड बजाज होल्डिंग्स देगी। कंपनी 30 जून को प्रति शेयर 130 रुपये का डिविडेंड देगी। वहीं, 3 जुलाई को स्वराज इंजिन्स 110 रुपये, महाराष्ट्र स्कूटर्स 60 रुपये, टेक महिंद्रा 36 रुपये और महिंद्रा एंड महिंद्रा 33 रुपये प्रति शेयर का डिविडेंड देगी। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया भी 3 जुलाई को 5 रुपये प्रति शेयर का डिविडेंड देगा।
डिविडेंड के अलावा अगले हफ्ते कई कंपनियों में बड़े कॉर्पोरेट एक्शन भी होंगे। कजारिया सेरामिक्स, पटेल इंटीग्रेटेड लॉजिस्टिक्स और टीमलीज सर्विसेज अपने शेयरों का बायबैक करेंगी। वहीं, 2 जुलाई को गुजरात गैस का डीमर्जर भी होने वाला है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, डिविडेंड का लाभ पाने के लिए निवेशकों को कंपनी की एक्स-डेट का ध्यान रखना होगा। भारतीय शेयर बाजार में T+1 सेटलमेंट सिस्टम लागू है, इसलिए रिकॉर्ड डेट से पहले शेयर खरीदना जरूरी होता है। एक्स-डेट वाले दिन या उसके बाद शेयर खरीदने पर डिविडेंड का लाभ नहीं मिलेगा।
अगले सप्ताह डिविडेंड, बायबैक और डीमर्जर जैसे कॉर्पोरेट एक्शन के चलते इन शेयरों पर निवेशकों की खास नजर रहेगी।

