29 जून से शुरू होगा सहकारी सप्ताह, जिलेभर में होंगे आयोजन
ड्रोन तकनीक से खेती सीखेंगे किसान

बिलासपुर | जिला सहकारी(Cooperative) केंद्रीय बैंक मर्यादित द्वारा 29 जून से 6 जुलाई तक जिलेभर में सहकारी सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। इस सप्ताह भर चलने वाले कार्यक्रम का उद्देश्य सहकारिता आंदोलन को मजबूत करना, नए सदस्यों को जोड़ना और किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से अवगत कराना है।
जिला सहकारी(Cooperative) केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष रजनीश सिंह, उपाध्यक्ष रजनी साहू और यज्ञदत्त शर्मा ने बताया कि सहकारी सप्ताह के दौरान सदस्यता अभियान, संगोष्ठियां, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान और ड्रोन आधारित कृषि एवं सिंचाई तकनीक से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि विशेषज्ञों द्वारा किसानों को ड्रोन तकनीक के उपयोग, आधुनिक खेती के तरीकों और सिंचाई प्रबंधन की जानकारी दी जाएगी। इससे किसानों को उत्पादन बढ़ाने और खेती की लागत कम करने में मदद मिल सकेगी।
सहकारी(Cooperative) सप्ताह के दौरान पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न स्थानों पर वृक्षारोपण और स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा। साथ ही सहकारी संस्थाओं से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के लिए विशेष सदस्यता अभियान संचालित किया जाएगा।
इस दौरान रायपुर में करीब 300 प्रतिभागियों की उपस्थिति में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित करने की भी तैयारी है। इसके अलावा सहकारिता क्षेत्र से जुड़ी एक महत्वपूर्ण परियोजना का भूमिपूजन कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक प्रबंधन का कहना है कि सहकारी सप्ताह का यह आयोजन सहकारिता के सिद्धांतों के प्रचार-प्रसार के साथ-साथ कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

