बिलासपुर में महिला ऑटो चालक से छेड़छाड़ और मारपीट
मारपीट के विरोध में थाने पहुंचे ई-रिक्शा चालक

बिलासपुर | सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक महिला ऑटो(Auto) चालक के साथ कथित छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आने के बाद ई-रिक्शा ऑटो(Auto) चालकों में आक्रोश देखा जा रहा है। घटना 27 जून की रात अमेरी फाटक के पास हुई, जहां एक कार सवार युवक पर महिला चालक के साथ अभद्रता और मारपीट करने का आरोप लगाया गया है।
पीड़ित महिला ऑटो(Auto) चालक के अनुसार, वह रात करीब 8:15 बजे सवारी छोड़कर लौट रही थी। इसी दौरान सफेद रंग की एक कार (क्रमांक सीजी-09-जेएस-0782) ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि कार चालक नशे की हालत में था और उसने महिला के साथ गाली-गलौज तथा अभद्र व्यवहार किया। महिला द्वारा मोबाइल से घटना का वीडियो बनाने का प्रयास करने पर आरोपी ने मोबाइल छीनने की कोशिश की और उसके साथ मारपीट भी की।
घटना के दौरान महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया। घटना के विरोध में ऑटो(Auto) चालक संघ के अध्यक्ष इमरान अली के नेतृत्व में बड़ी संख्या में चालक और सदस्य सिविल लाइन थाना पहुंचे तथा आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटना की जांच कर तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, ई-रिक्शा संघ ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है।

