सलमान खान की सलाह पर नहीं चले रणदीप हुड्डा, बोले- एक जैसे किरदार करना हो जाता है बोरिंग

बॉलीवुड अभिनेता रणदीप हुड्डा ने खुलासा किया है कि उन्होंने सलमान खान की एक अहम करियर सलाह नहीं मानी। रणदीप ने बताया कि सलमान ने उन्हें सलाह दी थी कि ऐसे किरदार चुनें, जिनमें वह हमेशा हीरो की तरह दिखें और एक जैसी इमेज बनाए रखें।
रणदीप ने कहा कि यही बात उनके पिता भी अक्सर कहते थे। उनका मानना था कि एक जैसी इमेज बनाए रखने से स्टारडम हासिल करने में मदद मिलती है।
हालांकि, रणदीप ने इस सलाह को नहीं माना। उन्होंने कहा कि वह हर फिल्म में अलग-अलग तरह के किरदार निभाना पसंद करते हैं। उनके मुताबिक, बार-बार एक जैसे रोल करना उन्हें बोरिंग लगता है और वह हर नए प्रोजेक्ट को अपने लिए एक नई चुनौती मानते हैं।
सलमान खान और रणदीप हुड्डा अब तक ‘किक’, ‘सुल्तान’ और ‘राधे’ जैसी तीन फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं। इन फिल्मों में रणदीप ने अलग-अलग तरह के किरदार निभाकर अपनी अभिनय क्षमता का परिचय दिया।

