दिल्ली-यूपी में झमाझम बारिश, मुंबई के लिए अगले 48 घंटे भारी; IMD ने 23 राज्यों में जारी किया अलर्ट

दिल्ली। देशभर में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है और उत्तर से लेकर पश्चिम व पूर्वोत्तर भारत तक झमाझम बारिश (rainfal) का दौर जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों तक 23 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बुधवार रात से लगातार बारिश हो रही है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है, लेकिन कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की समस्या भी सामने आई है।
पूर्वोत्तर राज्य में सक्रिय मानसून
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून फिलहाल उत्तर-पश्चिम, मध्य भारत, पश्चिमी तटीय क्षेत्रों और पूर्वोत्तर राज्यों में सक्रिय है। इसके प्रभाव से उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान और कर्नाटक के तटीय इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है।
इसके अलावा दिल्ली, हरियाणा, बिहार, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और केरल में भी तेज बारिश (rainfal) का अलर्ट जारी किया गया है। कई स्थानों पर 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है।
महाराष्ट्र में हो रही लगातार बारिश
महाराष्ट्र में लगातार बारिश (rainfal) से हालात सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। मुंबई में भारी बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया है, जबकि लोकल ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। पालघर के वसई-विरार क्षेत्र में पानी भरने से गुजरात जाने वाली कई लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन बाधित हुआ। नासिक में गोदावरी नदी उफान पर है और कई निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।
पिछले 24 घंटों में कोंकण, मध्य महाराष्ट्र और दक्षिण कर्नाटक में 21 सेंटीमीटर से अधिक वर्षा दर्ज की गई। वहीं मध्य प्रदेश, बिहार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, सौराष्ट्र-कच्छ और मेघालय में 12 से 20 सेंटीमीटर तक बारिश रिकॉर्ड हुई। मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, निचले इलाकों से दूर रहने और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।

