NationalEntertainment

धर्मेश संघानी के ठिकानों पर ED का छापा: विदेशी संपत्ति की जांच, 13वीं मंजिल से मोबाइल फेंकने का आरोप

मुंबई। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शुक्रवार को अभिनेता शेखर सुमन के सहयोगी और कारोबारी धर्मेश संघानी के ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की।

यह छापेमारी विदेशी संपत्तियों, अघोषित बैंक खातों और संदिग्ध अंतरराष्ट्रीय वित्तीय लेनदेन की जांच के तहत की गई। ईडी के अनुसार, संघानी कनाडा, अमेरिका और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में कथित रूप से अघोषित बैंक खातों और संपत्तियों से जुड़े मामलों की जांच के दायरे में हैं।

जांच एजेंसी के मुताबिक, धर्मेश संघानी ‘कलानी इम्पेक्स प्राइवेट लिमिटेड’ के सक्रिय निदेशक हैं। उन पर विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA), 1999 के प्रावधानों के उल्लंघन का आरोप है।

 ED का कहना है कि कंपनी के निर्यात से मिलने वाली रकम समय पर भारत नहीं लाई गई और न ही अधिकृत बैंक से इसकी समय सीमा बढ़ाने की अनुमति ली गई। इसके अलावा रकम की वसूली के लिए भी कोई ठोस दस्तावेजी प्रयास नहीं किए गए।

जांच के दौरान ईडी को कनाडा, अमेरिका और यूएई में अघोषित विदेशी बैंक खातों और संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज मिलने का दावा किया गया है।

एजेंसी के अनुसार, धर्मेश संघानी की कनाडा स्थित एक कंपनी में बड़ी हिस्सेदारी भी सामने आई है, जिसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों को नहीं दी गई थी। साथ ही यूएई में एक कारोबारी इकाई से जुड़े वित्तीय लेनदेन की भी जांच की जा रही है।

 ED ने यह भी दावा किया है कि छापेमारी के दौरान धर्मेश संघानी ने डिजिटल सबूत नष्ट करने की कोशिश की। एजेंसी के मुताबिक, टीम के पहुंचते ही उन्होंने 13वीं मंजिल से अपना मोबाइल फोन नीचे फेंक दिया। इस संबंध में ईडी ने मुंबई पुलिस को भी शिकायत दी है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ईडी ‘शेखर सुमन फिल्म एकेडमी’ और धर्मेश संघानी के संभावित संबंधों की भी जांच कर रही है। हालांकि, इस मामले में अभिनेता शेखर सुमन के खिलाफ फिलहाल किसी तरह की कार्रवाई या आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button