बेमेतरा हत्याकांड का खुलासा: महिला की हत्या के आरोप में ग्रामीण गिरफ्तार, शव के टुकड़े कर नदी में फेंकने का आरोप

बेमेतरा जिले में महिला की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए गांव के ही एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पुरानी रंजिश और कथित आपराधिक घटनाक्रम के बाद महिला की हत्या की गई। इसके बाद शव के साथ गंभीर आपराधिक कृत्य करने और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव के टुकड़े कर शिवनाथ नदी में फेंकने का आरोप है।
यह मामला चंदनू थाना क्षेत्र के सोनपुरी गांव का है। 7 जुलाई से लापता महिला दुकलिहिन बाई का शव 9 जुलाई को ग्राम तुमा के पास शिवनाथ नदी में दो अलग-अलग गठरियों में मिला था। शव मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच टीम गठित कर फोरेंसिक विशेषज्ञों, डॉग स्क्वॉड और साइबर सेल की मदद से जांच शुरू की। आरोपी की तलाश के लिए ड्रोन, नाव और सर्च लाइट का भी उपयोग किया गया।
पुलिस के अनुसार, तकनीकी साक्ष्यों, वैज्ञानिक जांच और पूछताछ के आधार पर गांव के निवासी रामप्रसाद सोनवानी उर्फ बंगाली को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित रूप से हत्या की बात स्वीकार की। पुलिस का दावा है कि महिला के विरोध करने पर आरोपी ने फावड़े से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव के हाथ-पैर काटकर दो गठरियों में बांधा और शिवनाथ नदी में फेंक दिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त फावड़ा, आरी और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद करने का दावा किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी वर्ष 2017 में भी एक महिला की हत्या के मामले में सजा काट चुका है। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया गया है। पुलिस का कहना है कि इस अंधे हत्याकांड का खुलासा चंदनू थाना, साइबर सेल और फोरेंसिक टीम की संयुक्त कार्रवाई से संभव हो सका।

