Chhattisgarh

बोधघाट पुलिस की नई पहल, आदतन अपराधियों को हर रविवार थाने में दर्ज करानी होगी हाजिरी

शहर में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से बोधघाट थाना पुलिस ने आदतन अपराधियों पर निगरानी बढ़ाने के लिए नई व्यवस्था लागू की है। इसके तहत दर्जनभर निगरानी बदमाशों को प्रत्येक रविवार थाने में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर हाजिरी दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस ने सभी चिन्हित अपराधियों की काउंसलिंग करते हुए उन्हें भविष्य में आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में गुंडागर्दी, नशाखोरी और अन्य अवैध गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पुलिस के अनुसार हाजिरी के दायरे में शामिल अधिकांश अपराधियों के खिलाफ मारपीट, लूट, चाकूबाजी, हत्या के प्रयास, अवैध हथियार रखने, बलवा तथा जुआ-सट्टा जैसे गंभीर मामलों में पहले से प्रकरण दर्ज हैं। ऐसे लोगों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी।

पुलिस का कहना है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य केवल निगरानी रखना नहीं, बल्कि अपराध की पुनरावृत्ति को रोकना और अपराधियों को मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास भी है। हाजिरी के आदेशों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बोधघाट थाना पुलिस का मानना है कि इस पहल से क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में मदद मिलेगी और आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा भी मजबूत होगा।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button