कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर FIR के विरोध में खम्हारडीह थाने का घेराव, भाजपा नेताओं पर भी केस दर्ज करने की मांग

रायपुर। राजधानी रायपुर में भाजपा के राजीव भवन घेराव के दौरान हुई झड़प के बाद दर्ज एफआईआर को लेकर सियासी विवाद तेज हो गया है। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज मामलों के विरोध में बड़ी संख्या में कांग्रेसी खम्हारडीह थाने पहुंचे और थाने के बाहर धरने पर बैठ गए।
धरने में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज भी शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं ने पुलिस से कार्यकर्ताओं पर दर्ज एफआईआर वापस लेने की मांग की। साथ ही भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी मामला दर्ज करने की मांग की गई।
दरअसल, भाजपा ने राजीव भवन घेराव के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पत्थरबाजी का आरोप लगाया है। इस घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हुए थे, जिसके बाद पुलिस ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की।
कांग्रेस का आरोप है कि पुलिस ने एकतरफा कार्रवाई की है। पार्टी का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की जानी चाहिए।
कांग्रेस ने थाना प्रभारी को सौंपे ज्ञापन में दावा किया कि 22 जुलाई को भाजपा कार्यकर्ताओं ने राजीव भवन के बाहर नारेबाजी करते हुए कथित रूप से पत्थर, पानी की बोतलें, पाउच, चप्पल और अन्य सामान फेंका, जिससे कई कांग्रेस कार्यकर्ता घायल हुए।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड तोड़कर पुलिसकर्मियों पर हमला किया और उनकी लाठियां छीनने की कोशिश की। कांग्रेस ने भाजपा के कुछ नेताओं पर कार्यकर्ताओं को उकसाने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ भी एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
फिलहाल खम्हारडीह थाने के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का धरना जारी है और एहतियात के तौर पर मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

