‘असुर 3’ की शूटिंग सितंबर से होगी शुरू, श्वेता बसु प्रसाद की हुई नई एंट्री

‘असुर’ के फैंस के लिए बड़ी खबर सामने आई है। अरशद वारसी और बरुण सोबती स्टारर साइकोलॉजिकल थ्रिलर सीरीज ‘असुर 3’ की शूटिंग सितंबर में शुरू होने वाली है। करीब तीन साल के इंतजार के बाद सीरीज के तीसरे सीजन पर काम शुरू होने जा रहा है।
पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘असुर 3’ की स्क्रिप्ट लॉक हो चुकी है और मेकर्स सितंबर से शूटिंग शुरू करने की तैयारी में हैं। तीसरे सीजन में भी अरशद वारसी और बरुण सोबती अपने पुराने किरदार धनंजय राजपूत और निखिल नायर के रूप में नजर आएंगे।
श्वेता बसु प्रसाद की नई एंट्री
‘असुर 3’ की कास्ट में एक नया नाम भी जुड़ गया है। अभिनेत्री श्वेता बसु प्रसाद इस सीजन का हिस्सा बनने जा रही हैं। हालांकि, उनका किरदार क्या होगा, इसे फिलहाल गुप्त रखा गया है। माना जा रहा है कि उनकी एंट्री से कहानी में एक नया मोड़ देखने को मिल सकता है।
गौरव शुक्ला संभालेंगे डायरेक्शन
तीसरे सीजन में कैमरे के पीछे भी बड़ा बदलाव हुआ है। सीरीज के राइटर और क्रिएटर गौरव शुक्ला अब बतौर निर्देशक डेब्यू करने जा रहे हैं। इससे पहले दोनों सीजन का निर्देशन ओनी सेन ने किया था।
गौरव शुक्ला तीसरे सीजन में निर्देशन के साथ-साथ प्रोड्यूसर की जिम्मेदारी भी संभालेंगे। वहीं, सीरीज की बाकी कास्ट को अभी अंतिम रूप दिया जा रहा है।
‘असुर 3’ में पुराने कलाकारों की वापसी और नई कास्ट की एंट्री के साथ कहानी को एक नए अध्याय में आगे बढ़ाया जाएगा। सीरीज जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी।



