Follow Us on Our Social Media
International

चीन में टाइफून डॉल्फिन का खतरा बढ़ा, शंघाई से 1,300 से ज्यादा उड़ानें रद्द

चीन में टाइफून डॉल्फिन का खतरा बढ़ गया है। तूफान के चलते शंघाई के दो प्रमुख एयरपोर्ट से 1,300 से ज्यादा उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। वहीं, झेजियांग प्रांत में करीब 3.9 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

तूफान के बाहरी हिस्से शनिवार को उत्तरी ताइवान से टकराए, जिसके बाद राजधानी ताइपे समेत कई इलाकों में भारी बारिश हुई। इसके असर से ताइवान की कुछ एयरलाइंस ने रविवार को चीन के लिए अपनी उड़ानें भी रद्द कर दीं।

रविवार सुबह तक तूफान की अधिकतम लगातार हवाओं की रफ्तार करीब 162 किलोमीटर प्रति घंटा आंकी गई। मौसम विभाग ने चीन के तटीय इलाकों में तेज हवाओं और भारी बारिश की चेतावनी दी है। आने वाले दिनों में कई इलाकों में 200 से 400 मिलीमीटर तक बारिश होने का अनुमान है, जिससे बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है।

शंघाई में 60 फीसदी उड़ानें रद्द

शंघाई के होंगकियाओ और पुडोंग एयरपोर्ट पर रविवार की निर्धारित उड़ानों में से करीब 60 फीसदी उड़ानें रद्द कर दी गईं। दोनों एयरपोर्ट से रद्द हुई उड़ानों की संख्या 1,300 से अधिक बताई गई है।

तूफान के खतरे को देखते हुए झेजियांग के ताइझोउ शहर में शनिवार शाम करीब 3.9 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। वहीं, शंघाई में भी जोखिम वाले इलाकों से 30 हजार से ज्यादा लोगों को हटाया गया है।

समुद्री गतिविधियों पर रोक

प्रशासन ने समुद्री गतिविधियों पर भी रोक लगा दी है। झेजियांग में फेरी और क्रूज समेत सभी जल-आधारित गतिविधियों को निलंबित कर दिया गया है।

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भारी बारिश के कारण बाढ़ और भूस्खलन की आशंका जताई है। प्रभावित इलाकों में बचाव और राहत एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button