Follow Us on Our Social Media
National

अमेठी में BSP नेता शशिकांत तिवारी पर जानलेवा हमला, नकाबपोश बदमाशों ने कार में की तोड़फोड़

उत्तर प्रदेश के अमेठी में शनिवार देर रात बहुजन समाज पार्टी (BSP) नेता शशिकांत तिवारी पर कथित तौर पर जानलेवा हमला हुआ। बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने गौरीगंज थाना क्षेत्र के जामो मोड़ के पास उनकी कार पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला किया। घटना के समय शशिकांत तिवारी कार में ही मौजूद थे और हमले में बाल-बाल बच गए।

विधायक राकेश प्रताप सिंह पर लगाए आरोप

शशिकांत तिवारी ने गौरीगंज थाने में दी शिकायत में आरोप लगाया कि गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह के इशारे पर उन पर हमला कराया गया। उनका कहना है कि कुछ दिन पहले विधायक की ओर से ब्राह्मण समुदाय को लेकर की गई कथित टिप्पणी का उन्होंने सोशल मीडिया पर विरोध किया था। इसी विवाद को हमले की वजह बताया गया है।

हालांकि, विधायक राकेश प्रताप सिंह ने हमले पर कोई टिप्पणी करने से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि पुलिस को मामले की निष्पक्ष जांच करनी चाहिए और जो भी दोषी हो, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

लाइसेंसी पिस्टल निकालने पर भागे हमलावर

शशिकांत तिवारी के मुताबिक, तीन अज्ञात युवक मोटरसाइकिल से पहुंचे और उनकी कार पर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाली तो हमलावर मौके से फरार हो गए। इसके बाद उन्होंने देर रात गौरीगंज थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने दर्ज की FIR

गौरीगंज थाना प्रभारी निरीक्षक रवि सिंह के मुताबिक, तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमलावरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है।

शशिकांत तिवारी अमेठी के गौरीगंज कस्बे के वार्ड नंबर 22 के रहने वाले हैं और पूर्व में BSP के जिला प्रवक्ता रह चुके हैं। उनकी पत्नी रागिनी तिवारी ने 2022 में अमेठी विधानसभा सीट से BSP प्रत्याशी के तौर पर चुनाव भी लड़ा था।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button