गॉल में सचिन का बल्ला रहा खामोश, लेकिन इस भारतीय बल्लेबाज ने मचाया धमाल; 2 टेस्ट में ठोके 391 रन

भारत और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला 15 अगस्त से गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैदान पर कई दिग्गज बल्लेबाजों ने शानदार पारियां खेली हैं, लेकिन हैरानी की बात है कि सचिन तेंदुलकर जैसे महान बल्लेबाज का बल्ला यहां ज्यादा नहीं चला। हालांकि, एक भारतीय बल्लेबाज ऐसा रहा है, जिसने गॉल में जमकर रन बरसाए।
यह खिलाड़ी हैं वीरेंद्र सहवाग। गॉल का मैदान सहवाग के लिए बेहद खास रहा है। उन्होंने यहां सिर्फ 2 टेस्ट मैच खेले और 391 रन बनाए। गॉल में सहवाग का बल्लेबाजी औसत 130.33 रहा। उन्होंने यहां एक शतक, एक दोहरा शतक और एक अर्धशतक लगाया। उनका स्ट्राइक रेट भी 90 से ज्यादा का रहा।
गॉल में शिखर धवन का रिकॉर्ड भी शानदार रहा है। उन्होंने यहां 2 टेस्ट मैचों में 366 रन बनाए हैं। उनका औसत 91.50 रहा और वह गॉल में दो शतक लगाने में सफल रहे।
वहीं, राहुल द्रविड़, सचिन तेंदुलकर और वीवीएस लक्ष्मण जैसे दिग्गज बल्लेबाज इस मैदान पर अपनी छाप नहीं छोड़ सके। द्रविड़ ने गॉल में 36 से ज्यादा की औसत से 181 रन बनाए। लक्ष्मण ने 35.75 की औसत से 143 रन बनाए, जबकि सचिन ने 32 की औसत से सिर्फ 128 रन बनाए।



