Follow Us on Our Social Media
Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, 3 दिन बाद तेज होगी बारिश; आज इन जिलों में यलो अलर्ट

छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियों में अगले कुछ दिनों में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले तीन दिनों तक बारिश की तीव्रता कम रहने की संभावना है। इसके बाद बारिश एक बार फिर जोर पकड़ सकती है। मंगलवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

राजधानी रायपुर में मंगलवार को आसमान में बादल छाए रहने और बारिश होने के आसार हैं। यहां अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। सोमवार को रायपुर 32.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। शाम के समय राजधानी के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई।

इन जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली का अलर्ट

मौसम विभाग ने महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में बारिश की संभावना जताई है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसे देखते हुए कई क्षेत्रों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

सोमवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। भैरमगढ़, सुकमा और कुटरू में सबसे ज्यादा 5 सेंटीमीटर बारिश हुई। कुआकोंडा और गादीरास में 4 सेंटीमीटर, जबकि जनकपुर भरतपुर, तखतपुर, करपावंड और बड़े बचेली में 3 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

12 अगस्त से बन सकता है नया निम्न दबाव क्षेत्र

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर मध्य प्रदेश और उसके आसपास एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके अलावा मानसून द्रोणिका और बंगाल की खाड़ी के आसपास ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण सक्रिय है। इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से 12 अगस्त को इसी क्षेत्र में एक और निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।

मौसम प्रणालियों के सक्रिय होने के बाद छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। ऐसे में अगले कुछ दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में फिर से अच्छी बारिश होने के आसार हैं।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button