उज्जैन में महाकाल मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, अफरा-तफरी के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

उज्जैन। श्रावण माह के तीसरे सोमवार और नागपंचमी के अवसर पर उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर में सुबह श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हालांकि, जिला प्रशासन, पुलिस और मंदिर प्रबंधन की तत्परता से स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई।
भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत कर दी गई है। देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन कराने के लिए पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई गई है और व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।
यह भी पढ़ें – छत्तीसगढ़ भाजपा में बड़े संगठनात्मक बदलाव के संकेत,
महाकाल की सवारी को लेकर कड़े इंतजाम
सावन सोमवार के अवसर पर सोमवार शाम भगवान महाकाल की भव्य सवारी निकाली जाएगी। इसे देखते हुए शहर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। लाखों श्रद्धालुओं के उज्जैन पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रमुख मार्गों और मंदिर के आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
प्रशासन का प्रयास है कि सवारी के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और यातायात व सुरक्षा व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
नागचंद्रेश्वर मंदिर में भी उमड़ा सैलाब
नागपंचमी के अवसर पर साल में केवल एक बार खुलने वाले श्री नागचंद्रेश्वर महादेव मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। मंदिर में दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी हैं।
कतार में खड़े श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन की ओर से पेयजल, छाया और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था की गई है। प्रशासन और मंदिर समिति के अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को बिना परेशानी दर्शन मिल सकें।o
श्रावण सोमवार और नागपंचमी के संयोग के कारण उज्जैन में श्रद्धालुओं की संख्या काफी बढ़ गई है। ऐसे में प्रशासन सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष सतर्कता बरत रहा है।



