अपूर्वा मखिजा ने छोड़ा भारत, न्यूयॉर्क में शुरू करेंगी नई जिंदगी; बताई विदेश जाने की वजह

कंटेंट क्रिएटर और इंफ्लुएंसर अपूर्वा मखिजा ने भारत छोड़कर न्यूयॉर्क में शिफ्ट होने का फैसला किया है। उन्होंने एक पॉडकास्ट में बताया कि वह पढ़ाई के लिए न्यूयॉर्क गई हैं और अब वहीं रहकर अपनी आगे की पढ़ाई पूरी करेंगी। अपूर्वा के मुताबिक, न्यूयॉर्क में रहने का सपना वह लंबे समय से देख रही थीं।
पढ़ाई के लिए न्यूयॉर्क गईं अपूर्वा
अपूर्वा ने बताया कि उन्होंने न्यूयॉर्क के एक कॉलेज में आवेदन किया था और अब उनका एडमिशन हो गया है। वह वहां MBA की पढ़ाई करेंगी और फिलहाल डॉर्म में रहकर अपनी स्टूडेंट लाइफ दोबारा शुरू करेंगी। उन्होंने कहा कि न्यूयॉर्क पहुंचने के बाद उन्हें शहर की तेज रफ्तार जिंदगी, फैशन, खान-पान और इमारतें काफी पसंद आईं।
उन्होंने यह भी बताया कि वह पहले कई जगह घूम चुकी हैं, लेकिन न्यूयॉर्क पहुंचने के बाद उन्हें महसूस हुआ कि वह इसी शहर में रहना चाहती हैं। कई वेब सीरीज में न्यूयॉर्क को देखने के कारण भी इस शहर को लेकर उनका लंबे समय से आकर्षण रहा है।
कैंसिल कल्चर और कंटेंट को लेकर कही ये बात
अपूर्वा ने बताया कि ‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ विवाद के बाद उनकी जिंदगी में काफी बदलाव आया। उन्होंने कहा कि बार-बार कैंसल होने और फिर वापसी करने के सिलसिले से वह थक चुकी हैं। उनके मुताबिक, किसी क्रिएटर के कुछ समय के लिए कैंसल होने का असर ब्रांड डील्स और कमाई पर भी पड़ता है।
विदेश जाने के फैसले के पीछे नए लोगों से मिलने की इच्छा भी एक वजह है। अपूर्वा ने कहा कि वह अपने सोशल सर्कल को सिर्फ कंटेंट क्रिएटर्स तक सीमित नहीं रखना चाहतीं। कॉलेज में पढ़ाई के दौरान उन्हें अलग-अलग तरह के लोगों से मिलने और नया सोशल सर्कल बनाने का मौका मिलेगा।
कंटेंट को लेकर अपूर्वा ने संकेत दिया कि न्यूयॉर्क में वह अपनी मर्जी के मुताबिक काम करेंगी। उन्होंने कहा कि वह तभी कंटेंट बनाएंगी, जब उनका मन होगा। उन्होंने यह भी कहा कि उनके स्टोरीटाइम वीडियो पहले की तरह नियमित नहीं रहेंगे। अपने पुराने कंटेंट को लेकर उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि ‘कलेशी औरत’ अब मर चुकी है।



