सावन के अंतिम सोमवार को अमरकंटक पहुंचे डिप्टी सीएम विजय शर्मा, नर्मदा और ज्वालेश्वर महादेव की पूजा की

छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा सोमवार को अपने पेंड्रा प्रवास के दौरान धार्मिक नगरी अमरकंटक पहुंचे। सावन के अंतिम सोमवार के अवसर पर उन्होंने नर्मदा मंदिर और प्रसिद्ध ज्वालेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश और देशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
मंदिर दर्शन के बाद उप मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद श्रद्धालुओं और कांवड़ियों से मुलाकात की। उन्होंने कवर्धा समेत कई जिलों से अमरकंटक पहुंचे कांवड़ियों का हालचाल जाना और उनका उत्साह बढ़ाया। इस दौरान कवर्धा के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनिल ठाकुर और पेंड्रा जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा भी मौजूद रहीं।
अमरकंटक में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
सावन के चौथे और अंतिम सोमवार को मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ की सीमा पर स्थित अमरकंटक और ज्वालेश्वर में बड़ी संख्या में शिव भक्त पहुंचे। क्षेत्र में सुबह से ही श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की भीड़ रही। पूरा इलाका ‘बोल बम’ और ‘हर हर महादेव’ के जयघोष से गूंजता रहा।
नर्मदा उद्गम से जल लेकर पहुंचे ज्वालेश्वर
कई कांवड़ियों ने अमरकंटक स्थित नर्मदा उद्गम से जल भरा और करीब आठ किलोमीटर पैदल यात्रा कर ज्वालेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे। यहां श्रद्धालुओं ने स्वयंभू शिवलिंग पर नर्मदा जल, बेलपत्र, दूध और दही से जलाभिषेक कर भगवान शिव से मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना की।
सावन का महीना भगवान शिव की आराधना के लिए विशेष माना जाता है। अमरकंटक स्थित नर्मदा उद्गम और ज्वालेश्वर महादेव मंदिर में सावन के अंतिम सोमवार को विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है।



