ममदानी ने मोहन भागवत के न्यूयॉर्क कार्यक्रम का किया विरोध, बोले- ऐसी सोच का बढ़ना चिंताजनक

न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत के मैडिसन स्क्वायर गार्डन में होने वाले कार्यक्रम का विरोध किया है। उन्होंने कहा कि वह इस कार्यक्रम का समर्थन नहीं करते हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह एक निजी कार्यक्रम है और शहर प्रशासन के पास इसे रद्द करने या रोकने का कानूनी अधिकार है या नहीं, यह स्पष्ट नहीं है।
29 अगस्त को होगा कार्यक्रम
मोहन भागवत का कार्यक्रम 29 अगस्त को न्यूयॉर्क के प्रसिद्ध मैडिसन स्क्वायर गार्डन में आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन आरएसएस के 100 वर्ष पूरे होने के मौके पर वैश्विक संपर्क कार्यक्रम के तहत किया जा रहा है। कार्यक्रम में भारतीय मूल के करीब 5 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है।
ममदानी ने बताई विरोध की वजह
कार्यक्रम को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए ममदानी ने कहा कि वे ऐसे आंदोलन के बढ़ने को चिंताजनक मानते हैं, जो लोगों को अलग-अलग करता है। उन्होंने कहा कि वह इस कार्यक्रम का विरोध करते हैं, लेकिन निजी कार्यक्रम होने के कारण इसे रोकने की स्थिति में नहीं हैं।
ममदानी ने खुद को न्यूयॉर्क के इतिहास का पहला भारतीय-अमेरिकी मेयर बताते हुए कहा कि उनकी मां का पूरा परिवार अभी भी भारत में रहता है। उन्होंने कहा कि उनके परिवार ने उन्हें भारत की जो तस्वीर दिखाई और जिस भारत को जानते हुए वह बड़े हुए, वह विविध संस्कृतियों वाला और धर्मनिरपेक्ष गणराज्य था, जहां हर व्यक्ति को समान रूप से स्वीकार किया जाता है।
करीब 5 हजार लोगों को संबोधित करेंगे भागवत
मोहन भागवत आरएसएस के 100 साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित वैश्विक संपर्क कार्यक्रम के तहत अमेरिका पहुंचे हैं। न्यूयॉर्क प्रवास के दौरान वह ‘यूनिवर्सल वननेस’ कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। इसके बाद 29 अगस्त को मैडिसन स्क्वायर गार्डन में आयोजित कार्यक्रम में करीब 5 हजार लोगों को संबोधित करेंगे।



