छत्तीसगढ़ में फिर तेज बारिश का दौर, बिजली गिरने का अलर्ट; मानसून सामान्य से 2% पीछे

छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटे बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने कई इलाकों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। झारखंड और आसपास बना लो प्रेशर एरिया प्रदेश के मौसम को प्रभावित कर रहा है। इसके चलते कई जिलों में बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं।
झारखंड के लो प्रेशर सिस्टम का असर
मौसम विभाग के अनुसार झारखंड और आसपास सक्रिय लो प्रेशर एरिया से जुड़े साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश हो रही है। यह सिस्टम अगले 24 घंटे में पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ सकता है। इसके चलते प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा।
बड़े बचेली में 170 मिमी बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान बस्तर, रायपुर, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई। कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश हुई। सबसे ज्यादा बारिश बड़े बचेली में 170 मिमी रिकॉर्ड की गई।
रायपुर में भी बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में 26 अगस्त को गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। दिन का अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है।
मानसून सीजन में 2% कम बारिश
प्रदेश में अब तक मानसून सीजन की कुल बारिश सामान्य के आसपास है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक छत्तीसगढ़ में सामान्य से करीब 2 प्रतिशत कम बारिश हुई है। अगले दो दिनों में भी ज्यादातर स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे के बाद प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आ सकती है। हालांकि कुछ इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने की स्थिति बनी रह सकती है।



