Follow Us on Our Social Media
Chhattisgarh

‘विनाश VS विकास’ पोस्टर पर पुरंदर मिश्रा का कांग्रेस पर हमला, बोले- ‘बीजेपी जो कहती है, करके दिखाती है’

रायपुर। ‘विनाश VS विकास’ पोस्टर को लेकर बीजेपी विधायक पुरंदर मिश्रा ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार ने कई घोषणाएं कीं, लेकिन उन्हें पूरा नहीं कर पाई। वहीं बीजेपी सरकार ने ‘मोदी की गारंटी’ के तहत किए गए वादों को पूरा किया है।

लल्लूराम डॉट कॉम से चर्चा में विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस ने महिलाओं को 500 रुपये देने की घोषणा की थी, लेकिन वह राशि नहीं दे पाई। इसके विपरीत बीजेपी सरकार महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये दे रही है।

उन्होंने कहा, “कांग्रेस जो कहती है, उसे कर नहीं पाती, जबकि भाजपा जो कहती है, वह करके दिखाती है।”

‘माता-बहनों का सम्मान करने वाला ही देश में राज करेगा’

पुरंदर मिश्रा ने कहा कि जो माता-बहनों का सम्मान करेगा, वही देश में राज करेगा। उन्होंने कहा कि जहां नारी का सम्मान होता है, वहां देवता भी अपना आशीर्वाद देते हैं।

कांग्रेस पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में सरकारी खजाने के पैसे के इस्तेमाल को लेकर सवाल उठते रहे। उन्होंने कांग्रेस को ‘स्वार्थी सरकार’ बताते हुए आरोप लगाया कि उसका काम “जेब भरो और राज करो” जैसा था।

कांग्रेस की ट्रेनिंग पर भी साधा निशाना

बस्तर में कांग्रेस की ट्रेनिंग को लेकर बीजेपी विधायक ने कहा कि कांग्रेस सब कुछ करना चाहती है, कभी आवेदन बुला रही है तो कभी इंटरव्यू कर रही है। उन्होंने दावा किया कि आपसी विवाद के कारण कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कार्यकारिणी की घोषणा तक नहीं कर पा रहे हैं।

पुरंदर मिश्रा ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस में ऐसी ट्रेनिंग दी जा रही है, जिससे आने वाले समय में पार्टी के भ्रष्टाचार का कद बढ़ता रहे। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ कांग्रेस मुक्त दिखाई देगा।

बस्तर-सरगुजा पर कांग्रेस के फोकस पर सवाल

बस्तर और सरगुजा पर कांग्रेस के फोकस को लेकर पुरंदर मिश्रा ने सवाल उठाया कि कांग्रेस बताए कि उसने कभी आदिवासी मुख्यमंत्री या आदिवासी प्रधानमंत्री बनाया है या नहीं।

उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी के समय से गरीबी दूर करने की बात होती रही, लेकिन गरीबी पूरी तरह खत्म नहीं हो सकी। आज बीजेपी की सरकार आदिवासियों, गरीबों और महिलाओं की चिंता कर रही है।

पुरंदर मिश्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए बदलाव का भी जिक्र किया और कहा कि इसका स्वागत किया जाना चाहिए।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button