2 करोड़ के बजट में बनी ‘हनुमान अंश’ ने मचाया तहलका, 32 करोड़ के पार पहुंची कमाई

31 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद से कहीं बेहतर प्रदर्शन किया है। शुरुआत में धीमी कमाई करने वाली यह फिल्म अब दर्शकों की पसंद बन गई है और अपनी लागत से कई गुना ज्यादा कारोबार कर चुकी है। करीब 1.8 से 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म का कलेक्शन 30 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुका है।
फिल्म की कहानी प्रसिद्ध संत नीम करौली बाबा के जीवन और उनसे जुड़ी चमत्कारी घटनाओं पर आधारित है। फिल्म के साथ-साथ इसके गानों को भी सोशल मीडिया पर दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। खास बात यह है कि फिल्म में कोई बड़ा सुपरस्टार नहीं है, इसके बावजूद इसे मिल रहे सकारात्मक वर्ड ऑफ माउथ का फायदा बॉक्स ऑफिस पर दिखाई दे रहा है।
तीसरे हफ्ते में तेज हुई कमाई
फिल्म ने शनिवार को 9.25 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इस दिन करीब 4,137 शो बुक हुए और ऑक्यूपेंसी लगभग 53 प्रतिशत रही। इसके साथ फिल्म का भारतीय नेट कलेक्शन 27.38 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। एक दिन पहले फिल्म ने 6.25 करोड़ रुपये कमाए थे, यानी शनिवार को कमाई में करीब 48 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
पहले दो हफ्ते रही धीमी रफ्तार
रिलीज के पहले दिन फिल्म ने करीब 10 लाख रुपये कमाए थे। दूसरे दिन 20 लाख और तीसरे दिन 30 लाख रुपये का कारोबार हुआ। शुरुआती 16 दिनों तक फिल्म की कमाई अपेक्षाकृत धीमी रही। इसके बाद 17वें दिन फिल्म ने पहली बार 2.20 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार किया।
इसके बाद 18वें दिन 1.25 करोड़, 19वें दिन 2.35 करोड़ और 20वें दिन 1.50 करोड़ रुपये की कमाई हुई। 21वें दिन फिल्म ने 2.10 करोड़ रुपये कमाए, जबकि 22वें दिन कलेक्शन बढ़कर 6.25 करोड़ रुपये और 23वें दिन 9.25 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
वीकेंड पर और बढ़ सकती है कमाई
फिल्म की लगातार बढ़ती कमाई को देखते हुए माना जा रहा है कि रविवार को इसका कलेक्शन और मजबूत हो सकता है। दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया और सोशल मीडिया पर बढ़ती चर्चा से फिल्म को फायदा मिल रहा है। कम बजट में बनी इस फिल्म का बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन अब इसे सफल फिल्मों की सूची में शामिल कर चुका है।
शूटिंग के दौरान भी रखा गया धार्मिक माहौल
फिल्म की शूटिंग के दौरान सेट पर केवल शाकाहारी भोजन परोसे जाने की बात सामने आई है। इसके अलावा हर दिन काम शुरू करने से पहले हनुमान चालीसा का पाठ किया जाता था। फिल्म की धार्मिक पृष्ठभूमि और उससे जुड़े इन पहलुओं ने भी दर्शकों के बीच इसकी चर्चा बढ़ाई है।



