सोनम वांगचुक बोले- CJP नेताओं में है राजनीतिक महत्वाकांक्षा, पार्टी बनाते हैं तो करूंगा समर्थन

सामाजिक कार्यकर्ता और शिक्षाविद् सोनम वांगचुक ने CJP से जुड़े लोगों की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को लेकर बड़ा बयान दिया है। एक पॉडकास्ट में उन्होंने कहा कि संगठन के संस्थापकों में राजनीतिक महत्वाकांक्षा होना स्वाभाविक है और इसमें कुछ भी गलत नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर वे भविष्य में राजनीतिक पार्टी बनाते हैं तो वह उनका समर्थन करेंगे।
CJP संस्थापकों को संत नहीं मानते वांगचुक
वांगचुक ने कहा कि उन्होंने CJP के संस्थापकों को करीब से देखा है और उनके आकलन के मुताबिक उनमें राजनीतिक महत्वाकांक्षा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संस्थापक ऐसे संत नहीं हैं, जो राजनीति से पूरी तरह दूर रहना चाहते हों। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि संस्थापकों ने खुद कभी उनसे अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं के बारे में सीधे तौर पर बात नहीं की है।
वांगचुक के मुताबिक, किसी व्यक्ति की राजनीतिक महत्वाकांक्षा होना अपने आप में गलत नहीं है। उन्होंने कहा कि युवाओं को मौजूदा राजनीतिक दलों में शामिल होने या भविष्य में अपनी राजनीतिक पार्टी बनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा सकता है।
पहले किसी पार्टी से जुड़े होने पर भी बोले
CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके के पहले आम आदमी पार्टी से जुड़े होने को लेकर हुई आलोचना पर भी वांगचुक ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति का पहले किसी राजनीतिक दल के साथ काम करना गलत नहीं है। उनके मुताबिक, किसी के पुराने राजनीतिक जुड़ाव से उन्हें कोई आपत्ति नहीं है।
छात्र आंदोलन को राजनीति से अलग रखने की सलाह
वांगचुक ने बताया कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को हटाने की मांग को लेकर चले करीब दो महीने लंबे छात्र आंदोलन के दौरान उन्होंने CJP के संस्थापकों अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रंका के साथ काम किया था।
उन्होंने कहा कि उस दौरान उन्होंने CJP के संस्थापकों से स्पष्ट तौर पर कहा था कि वे अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाएं बाद में पूरी कर सकते हैं, लेकिन छात्र आंदोलन को किसी भी राजनीतिक दल के एजेंडे से दूर रखा जाना चाहिए। वांगचुक ने कहा कि उन्हें खुशी है कि आंदोलन के दौरान इस बात का ध्यान रखा गया।



