जशपुर के दनगरी वाटरफॉल में फंसे 7 पर्यटक, तेज बहाव के बीच घंटों चला रेस्क्यू

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में दनगरी वाटरफॉल घूमने पहुंचे सात पर्यटक नदी के तेज बहाव के बीच फंस गए। घटना की जानकारी मिलते ही रेस्क्यू टीम और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। घंटों की मशक्कत के बाद सभी पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में सभी पर्यटक बाल-बाल बच गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें स्थिति काफी भयावह नजर आ रही है।
नदी पार कर वाटरफॉल पहुंच रहे पर्यटक
लगातार हो रही बारिश के कारण जिले के नदी-नाले उफान पर हैं। इसके बावजूद दनगरी वाटरफॉल में रोजाना बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। कई पर्यटक तेज बहाव वाली नदी और पहाड़ी नालों को पार कर जलप्रपात तक पहुंचने की कोशिश करते हैं।
ऐसे में यहां किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। पर्यटकों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से खतरा और बढ़ जाता है। प्रशासन की ओर से लोगों से बारिश के दौरान नदी-नालों और जलप्रपातों के पास जाने से बचने की अपील की जाती रही है।
करीब 100 फीट ऊंचाई से गिरता है झरना
दनगरी जलप्रपात जशपुर के बगीचा विकासखंड में सुलेसा और पंडरापाठ के बीच स्थित है। यह जिले के प्रमुख प्राकृतिक पर्यटन स्थलों में शामिल है। करीब 100 फीट ऊंची पहाड़ी से झरने की तीन धाराएं एक साथ नीचे गिरती हैं, जिससे यहां का प्राकृतिक नजारा बेहद खूबसूरत दिखाई देता है।
हालांकि, बारिश के मौसम में नदी और नालों का जलस्तर बढ़ने के कारण यहां पहुंचना बेहद जोखिम भरा हो जाता है। सात पर्यटकों के फंसने की घटना ने एक बार फिर पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था और सावधानी की जरूरत को सामने ला दिया है।



