Follow Us on Our Social Media
National

BJP का चुनावी शंखनाद: PM मोदी, अमित शाह और नितिन नवीन संभालेंगे मोर्चा; 117 सीटों तक पहुंचेगी यात्राएं

चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा चुनाव में अब करीब छह महीने का समय बचा है। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी (BJP ) ने प्रदेश में अपनी चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया है। सितंबर और अक्टूबर में पार्टी के शीर्ष नेताओं के संभावित कार्यक्रमों को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के कार्यक्रमों को चुनावी रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अक्टूबर में तीन दिन के पंजाब दौरे पर आ सकते हैं। हालांकि, दौरे की तारीख अभी तय नहीं हुई है। भाजपा की कोशिश है कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को अमृतसर, जालंधर, लुधियाना और पटियाला के आसपास केंद्रित किया जाए। इस दौरान रोड शो, जनसभा और पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद जैसे कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।

अमृतसर से पटियाला तक रोड शो की तैयारी

प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक प्रधानमंत्री दौरे (BJP )  के पहले दिन माझा क्षेत्र के कई विधानसभा क्षेत्रों से रोड शो के जरिए गुजर सकते हैं। उनके रात्रि विश्राम के लिए राधा स्वामी सत्संग ब्यास के मुख्यालय पर विचार किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री की बड़ी जनसभा को लेकर भी पार्टी के भीतर मंथन चल रहा है। भाजपा के कुछ नेताओं ने बठिंडा या पटियाला में जनसभा आयोजित करने का सुझाव दिया है। इसके साथ ही बठिंडा से पटियाला तक रोड शो कराने की संभावना पर भी चर्चा चल रही है।

प्रधानमंत्री कार्यालय और भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व मिलकर दौरे की अंतिम रूपरेखा तय करेगा। कार्यक्रम को अंतिम मंजूरी मिलने के बाद इसकी औपचारिक घोषणा की जा सकती है।

BJP की अमृतसर से पटियाला तक रोड शो की तैयारी।

केंद्र की योजनाओं और घोषणाओं पर भी फोकस

भाजपा प्रधानमंत्री के संभावित दौरे को सिर्फ संगठनात्मक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखना चाहती। पार्टी स्तर पर इस बात पर भी मंथन शुरू हो गया है कि पंजाब के लिए केंद्र सरकार की ओर से किन योजनाओं, परियोजनाओं या घोषणाओं को सामने रखा जा सकता है।

चुनाव को देखते हुए जनता के बीच किन मुद्दों और वादों को प्रमुखता से रखा जाए, इस पर भी पार्टी रणनीति तैयार कर रही है। भाजपा पंजाब में अपने संगठन को मजबूत करने के साथ केंद्र सरकार के कामकाज और योजनाओं को भी चुनावी अभियान का हिस्सा बनाने की तैयारी में है।

18 सितंबर से नशे और कानून-व्यवस्था के खिलाफ यात्रा

भाजपा (BJP )  के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 18 सितंबर से पंजाब में नशे और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर यात्रा शुरू करेंगे। इसकी शुरुआत पठानकोट से प्रस्तावित है। पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में नशे की समस्या और कानून-व्यवस्था को प्रमुख चुनावी मुद्दा बनाने की रणनीति पर काम कर रही है।

19 से 21 सितंबर के बीच प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से भी यात्राएं निकाली जाएंगी। इनके लिए श्री केसगढ़ साहिब, तलवंडी साबो और फाजिल्का को संभावित शुरुआती स्थानों के तौर पर देखा जा रहा है।

इन यात्राओं के दौरान बाइक रैली भी निकाली जाएगी। भाजपा की योजना इन कार्यक्रमों को प्रदेश की सभी 117 विधानसभा सीटों तक पहुंचाने की है। पार्टी का उद्देश्य यात्राओं के जरिए स्थानीय कार्यकर्ताओं और आम लोगों के बीच सीधा संपर्क बढ़ाना है।

जालंधर में हो सकता है अमित शाह का बड़ा कार्यक्रम

भाजपा की प्रस्तावित यात्राओं का समापन जालंधर में करने की तैयारी है। यहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बड़ी रैली को संबोधित कर सकते हैं। उनकी रैली 29 या 30 सितंबर को होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, अभी तारीख को अंतिम रूप नहीं दिया गया है।

पार्टी की ओर से यात्राओं के नेतृत्व के लिए एक दर्जन से ज्यादा केंद्रीय मंत्रियों, राष्ट्रीय पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी देने की तैयारी है। इससे साफ है कि भाजपा पंजाब चुनाव की तैयारियों को सिर्फ प्रदेश संगठन तक सीमित रखने के बजाय राष्ट्रीय स्तर पर अभियान का रूप देने की योजना बना रही है।

दिल्ली की बैठक में बनेगी अंतिम रणनीति

भाजपा की पंजाब चुनावी रणनीति को लेकर मंगलवार को नई दिल्ली में महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित है। इसमें प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया, प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों और प्रदेश संगठन मंत्री मंथरी श्रीनिवासुलु के शामिल होने की संभावना है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भी बैठक में शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है।

बैठक में नितिन नवीन की यात्राओं के कार्यक्रम, तीन अन्य स्थानों से प्रस्तावित यात्राओं, उनके नेतृत्व और अमित शाह की जालंधर रैली की तारीख पर अंतिम निर्णय हो सकता है।

पंजाब में भाजपा लंबे समय से अपने संगठन का विस्तार करने पर जोर देती रही है। अब विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी शीर्ष नेतृत्व के कार्यक्रमों और प्रदेशव्यापी यात्राओं के जरिए राजनीतिक माहौल बनाने की तैयारी में है। आने वाले दिनों में प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह और नितिन नवीन के कार्यक्रमों की औपचारिक घोषणा के बाद भाजपा का चुनावी अभियान और तेज होने की संभावना है।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button