Follow Us on Our Social Media
Chhattisgarh

जीपीएम जिले को मिला ‘सर्वश्रेष्ठ जिला प्रमोशन अवॉर्ड’, धनपुर पर आधारित कॉफी टेबल बुक का भी हुआ विमोचन

रायपुर। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले को पर्यटन के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रयासों के लिए छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड द्वारा ‘सर्वश्रेष्ठ जिला प्रमोशन अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया है। जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने और इसकी प्राकृतिक, ऐतिहासिक, पुरातात्विक एवं सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के प्रयासों के लिए यह सम्मान दिया गया।

धनपुर पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन

27 सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर रायपुर में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड और छत्तीसगढ़ ट्रैवल ट्रेड एसोसिएशन (CGTTA) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘सेंट्रल इंडिया कनेक्ट मार्केटप्लेस’ कार्यक्रम के दौरान जीपीएम जिले को यह सम्मान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में जिले की महत्वपूर्ण पुरातात्विक एवं सांस्कृतिक धरोहर धनपुर पर आधारित कॉफी टेबल बुक का भी विमोचन किया गया। इसका विमोचन पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा, पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक सौमिल रंजन चौबे, जीपीएम कलेक्टर विजय दयाराम के. और जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे ने किया।

पर्यटन मानचित्र पर धनपुर को मिलेगी नई पहचान

धनपुर की पुरातात्विक और सांस्कृतिक विशेषताओं पर केंद्रित कॉफी टेबल बुक में क्षेत्र के ऐतिहासिक महत्व, पुरातात्विक धरोहर और पर्यटन संभावनाओं को आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया गया है।

इस पहल से धनपुर को प्रदेश और देश के पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है। साथ ही, जीपीएम जिले के अन्य पर्यटन और सांस्कृतिक स्थलों के प्रति भी पर्यटकों की रुचि बढ़ाने में मदद मिलेगी।

प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत से समृद्ध है जीपीएम

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिला प्राकृतिक सौंदर्य के साथ-साथ पुरातात्विक, धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के लिए भी जाना जाता है। जिले में पर्यटन स्थलों की पहचान, संरक्षण, प्रचार-प्रसार और पर्यटन संभावनाओं के विकास के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

जिला प्रशासन के अनुसार, ‘सर्वश्रेष्ठ जिला प्रमोशन अवॉर्ड’ इन प्रयासों को मिली महत्वपूर्ण पहचान है। सम्मान से जीपीएम को एक प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को और गति मिलने की उम्मीद है।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button