22 साल बाद ‘कॉफी विद करण’ को अलविदा कहेंगे करण जौहर, 9वां सीजन होगा आखिरी; पिता को पसंद नहीं आया था शो का आइडिया

मुंबई। करण जौहर का पॉपुलर टॉक शो ‘कॉफी विद करण’ अब अपने 9वें सीजन के साथ खत्म होने जा रहा है। करण जौहर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर शो के अंतिम सीजन का ऐलान किया है। इस दौरान उन्होंने शो से जुड़ी एक भावुक याद भी साझा की और बताया कि जब उन्होंने पहली बार अपने पिता को इस शो का आइडिया बताया था, तो उन्हें यह बिल्कुल पसंद नहीं आया था।
पिता ने पूछा था- तुम्हें इसके पैसे कौन देगा?
करण जौहर ने वीडियो में बताया कि जून 2004 में उन्होंने अपने पिता से कहा था कि वह एक शो होस्ट करना चाहते हैं। उनका आइडिया था कि वह दो सेलिब्रिटीज और स्टार्स को बुलाएंगे और उनके साथ बातचीत करेंगे।
करण के मुताबिक, उनके पिता ने उनकी बात सुनकर कहा था कि वह अपने दोस्तों को बुलाकर उनसे बातचीत करेंगे, जैसा वह वैसे भी रोज करते हैं। फिर उन्होंने सवाल किया था कि इसके लिए उन्हें पैसे कौन देगा।
करण ने बताया कि उसी महीने उनके पिता का निधन हो गया। 26 जून 2004 को उनके पिता ने दुनिया को अलविदा कह दिया था। इसके बाद उसी साल अगस्त में करण ने शो की शूटिंग शुरू की।
8 सीजन, 161 एपिसोड और 22 साल का सफर
करण ने वीडियो में कहा कि आज वह 8 सीजन और 161 एपिसोड पूरे कर चुके हैं और करीब 22 साल बाद इस सफर को खत्म करने जा रहे हैं।
इन वर्षों में शो पर उन्होंने अपने दोस्तों, परिवार, कपल्स और बॉलीवुड की कई चर्चित हस्तियों को बुलाया। करण ने मजाकिया अंदाज में कहा कि शो में आए कुछ कपल बाद में एक्स हो गए, जबकि कुछ ने शादी कर ली।
‘कॉफी विद करण’ में सेलिब्रिटीज की पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ से जुड़े खुलासे, मजेदार बातचीत और विवाद अक्सर सुर्खियों में रहे हैं।
करण बोले- शो मेरी जिंदगी का बेहद खास हिस्सा रहा
करण जौहर ने कहा कि ‘कॉफी विद करण’ उनकी जिंदगी का बेहद खास हिस्सा रहा है। इस शो ने उन्हें दोस्तियां, यादें, मजेदार पल, प्यार और विवाद दिए। उन्होंने दर्शकों का भी शुक्रिया अदा किया, जो हर सीजन में शो के साथ जुड़े रहे।
करण के मुताबिक, दर्शकों ने शो के साथ हंसा, बहस की, ट्रोल किया और इसे सेलिब्रेट किया, लेकिन हर बार एक और कप कॉफी के लिए वापस आते रहे।
करण ने कहा कि शो को अलविदा कहना उनके लिए भावुक पल है, लेकिन अब उन्हें लगता है कि इसे खत्म करने का यही सही समय है। उन्होंने कहा कि 9वां और आखिरी सीजन उनके लिए दर्शकों के साथ आखिरी बार कॉफी का कप उठाने और उन सभी लोगों को धन्यवाद देने का मौका होगा, जिन्होंने इस शो को खास बनाया।


