CM विष्णुदेव साय ने स्मृति ईरानी से की मुलाकात, छत्तीसगढ़ के विकास और संगठनात्मक मुद्दों पर हुई चर्चा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव एवं नवनियुक्त छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी से उनके आवास पर मुलाकात की। स्मृति ईरानी को 23 सितंबर 2026 को छत्तीसगढ़ भाजपा का प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया गया था, जबकि सिद्धार्थ शंभू को सह-प्रभारी बनाया गया है।
मुख्यमंत्री साय ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए स्मृति ईरानी को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मुलाकात के दौरान छत्तीसगढ़ के विकास, डबल इंजन सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और संगठनात्मक विषयों पर चर्चा हुई।
बस्तर के विकास पर भी हुआ विचार-विमर्श
सीएम साय के मुताबिक, बैठक में विशेष रूप से बस्तर में विकास की नई संभावनाओं और बदलते स्वरूप को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों और संगठन के स्तर पर आगे की कार्ययोजना को लेकर भी चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्मृति ईरानी का राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक अनुभव, संगठन के प्रति समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना छत्तीसगढ़ में संगठनात्मक गतिविधियों और जनसेवा से जुड़े कार्यों में उपयोगी साबित होगी।
भाजपा के संगठनात्मक फेरबदल के तहत स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ के साथ हरियाणा का भी प्रभारी बनाया गया है।



