Follow Us on Our Social Media
Chhattisgarh

कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर शुरू, अरुण साव और दीपक बैज के बीच तीखी जुबानी जंग

रायपुर। कांग्रेस का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आज से शुरू हो गया है। इसको लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के नेता आपस में ही लड़ रहे हैं और इस प्रशिक्षण शिविर से कांग्रेस को कोई फायदा नहीं होने वाला। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस की अंदरूनी कलह खत्म नहीं होगी।

अरुण साव के बयान पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पलटवार करते हुए कहा कि अगर अरुण साव एक घंटे भी कांग्रेस का प्रशिक्षण शिविर अटेंड कर लें, तो भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो जाएंगे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार अरुण साव के विभाग में हो रहा है और मुख्यमंत्री निवास में हुई हालिया बैठक में सबसे ज्यादा सवाल उन्हीं पर उठे थे।

सहयोग राशि के आरोप पर कांग्रेस का जवाब

भाजपा द्वारा जिलाध्यक्षों से सहयोग राशि लेकर प्रशिक्षण देने के आरोपों को खारिज करते हुए दीपक बैज ने कहा कि यदि भाजपा के पास कोई सबूत है तो सामने लाए। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण शिविर गांधीवादी और सादगीपूर्ण तरीके से आयोजित किया जा रहा है।

राहुल गांधी पर टिप्पणी को लेकर विवाद

भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा द्वारा राहुल गांधी को “जोकर” कहे जाने पर बैज ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पुरंदर मिश्रा मानसिक संतुलन खो चुके हैं और भाजपा को उनका इलाज कराना चाहिए। बैज ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा बनाए रखना जरूरी है।

योग दिवस पर अरुण साव का बयान

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर अरुण साव ने कहा कि प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 180 से अधिक देशों में योग दिवस मनाया जाएगा और प्रदेश में मंत्री, सांसद तथा विधायक सामूहिक योग कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

‘सुघ्घर छत्तीसगढ़’ अभियान पर सियासत

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि ‘सुघ्घर छत्तीसगढ़’ अभियान के जरिए सरकार की 31 योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जाएगा। वहीं दीपक बैज ने इस अभियान पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति खराब है और ऐसे माहौल में ‘सुघ्घर छत्तीसगढ़’ का दावा वास्तविकता से दूर है।

राहुल गांधी के दौरे पर तंज

राहुल गांधी के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर अरुण साव ने कहा कि उनके नेतृत्व में कांग्रेस लगातार चुनाव हारती रही है और उनके कार्यक्रमों से पार्टी को नुकसान ही हुआ है। उन्होंने दावा किया कि प्रशिक्षण शिविर से भी कांग्रेस को कोई राजनीतिक लाभ नहीं मिलेगा।

मंत्रियों के प्रशिक्षण पर कांग्रेस का हमला

4 और 5 जुलाई को आईआईएम रायपुर में प्रस्तावित मंत्रियों के प्रशिक्षण शिविर पर दीपक बैज ने कहा कि सरकार का आधा कार्यकाल बीत चुका है, अब प्रशिक्षण देने का कोई मतलब नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा को प्रशिक्षण नहीं, बल्कि “फेयरवेल” की तैयारी करनी चाहिए।

बैज ने भाजपा की प्रस्तावित डिजिटल ट्रेनिंग पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा नेताओं को झूठ और भ्रम फैलाने की ट्रेनिंग दी जा रही है।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button