8 साल बाद फिल्मों में लौटीं प्रीति जिंटा: बोलीं- कैमरा नहीं, परिवार को किया सबसे ज्यादा मिस; OTT से अब भी दूरी

मुंबई। बॉलीवुड की ‘बबली गर्ल’ प्रीति जिंटा (Preity Zinta) करीब आठ साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रही हैं। वह आगामी फिल्म ‘बंटवारा 1947’ में नजर आएंगी, जो 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
लंबे समय बाद फिल्मों में लौट रहीं प्रीति का कहना है कि उन्होंने इस दौरान कैमरे को नहीं, बल्कि अपने परिवार के साथ बिताए पलों को सबसे ज्यादा महत्व दिया।
साल 2016 में अमेरिकी नागरिक जीन गुडइनफ से शादी के बाद प्रीति अमेरिका शिफ्ट हो गई थीं। इसके बाद उन्होंने फिल्मी दुनिया से दूरी बना ली। वर्ष 2021 में सरोगेसी के जरिए जुड़वा बच्चों की मां बनने के बाद उनका पूरा ध्यान परिवार और बच्चों की परवरिश पर रहा।
पहली प्राथमिकता परिवार
हाल ही में मीडिया से बातचीत में प्रीति (Preity Zinta) ने कहा कि अगर वह यह कहें कि उन्होंने कैमरे को मिस किया, तो यह सच नहीं होगा।
उनके मुताबिक, परिवार के साथ समय बिताना, बच्चों को बड़ा होते देखना और निजी जिंदगी का आनंद लेना उनके लिए किसी भी फिल्मी सफलता से ज्यादा अहम रहा है। उन्होंने कहा कि आज भी उनकी पहली प्राथमिकता उनका परिवार ही है।
ओटीटी प्लेटफॉर्म पर काम करने की प्लानिंग नहीं
प्रीति (Preity Zinta) ने यह भी स्पष्ट किया कि फिलहाल उनकी ओटीटी प्लेटफॉर्म पर काम करने की कोई योजना नहीं है। उनका कहना है कि वेब सीरीज में छह से आठ महीने का समय देना पड़ता है और इस समय उनके बच्चे अभी काफी छोटे हैं।
इसलिए वह फिलहाल ऐसे प्रोजेक्ट्स से दूरी बनाए रखना चाहती हैं। अभिनेत्री ने अपने पति जीन गुडइनफ की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि पति के सहयोग की वजह से ही वह भारत आकर दो-दो महीने तक शूटिंग कर पाती हैं।
साथ ही उन्होंने बताया कि उनके बच्चे भले ही आधे भारतीय और आधे अमेरिकी हैं, लेकिन सांस्कृतिक रूप से वे भारतीय मूल्यों से जुड़े हुए हैं। प्रीति चाहती हैं कि उनके बच्चे भारत और अमेरिका, दोनों देशों की अच्छी परंपराओं और मूल्यों को अपनाकर आगे बढ़ें।



