National

मणिपुर में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, 30 अवैध बंकर ध्वस्त; हथियार और गोला-बारूद बरामद

दिल्ली। मणिपुर (Manipur) के कांगपोकपी जिले में सुरक्षाबलों ने उग्रवादियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 30 अवैध बंकरों और चौकियों को ध्वस्त कर दिया। यह अभियान जिले के संवेदनशील इलाकों में चलाया गया, जहां पिछले कुछ महीनों से हिंसा और गोलीबारी की घटनाएं सामने आती रही हैं।

अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षाबलों ने लेइलोन वैफेई, लेइलोन खुन्नौ, एल. मुनलुई और कोंसाखुल गांवों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया। अभियान के दौरान उग्रवादियों द्वारा बनाए गए अस्थायी बंकरों और निगरानी चौकियों (Manipur) की पहचान कर उन्हें नष्ट किया गया। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इन ठिकानों का उपयोग हमलों की योजना बनाने और गतिविधियों पर नजर रखने के लिए किया जाता था।

तलाशी अभियान के दौरान बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद (Manipur) भी बरामद किया गया। सुरक्षाबलों को 11 सिंगल-बैरल ब्रीच-लोडिंग (एसबीबीएल) 12 बोर बंदूकें, 294 जिंदा कारतूस, गन पाउडर के दो पैकेट, 34 खाली कारतूस के खोखे और छह बुलेटप्रूफ जैकेट मिलीं। बरामद सामग्री को जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। हाल के महीनों में मणिपुर के कई हिस्सों में सुरक्षा बलों ने उग्रवादी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सघन तलाशी अभियान चलाए हैं। इस कार्रवाई को क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और हिंसक घटनाओं को रोकने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button