Follow Us on Our Social Media
National

राहुल गांधी के बयान पर लोकसभा में हंगामा, अमित शाह से जुड़े आरोपों पर माफी की मांग, दो बार स्थगित हुई कार्यवाही

लोकसभा। एंटी पेपर लीक बिल पर चर्चा के दौरान बुधवार को लोकसभा में उस समय जोरदार हंगामा हो गया, जब विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अपने भाषण में गृह मंत्री अमित शाह का नाम लेते हुए छात्रों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई और पैलेट गन के इस्तेमाल को लेकर सवाल उठाए। सत्ता पक्ष ने राहुल गांधी के बयान पर कड़ा विरोध जताते हुए उनसे माफी की मांग की। हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही दो बार स्थगित करनी पड़ी।

राहुल गांधी एंटी पेपर लीक बिल पर चर्चा के दौरान अपना पक्ष रख रहे थे। इसी दौरान गृह मंत्री को लेकर दिए गए उनके बयान के कुछ शब्दों पर सत्ता पक्ष ने आपत्ति जताई और जोरदार विरोध शुरू कर दिया। बढ़ते हंगामे के बीच राहुल अपना भाषण पूरा नहीं कर सके। बाद में उनके बयान के विवादित शब्दों को सदन की कार्यवाही से हटा दिया गया, लेकिन सत्ता पक्ष माफी की मांग पर अड़ा रहा।

हंगामे के बाद केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने संसद भवन में गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। इसके बाद वह लोकसभा अध्यक्ष से मिलने पहुंचे और राहुल गांधी के बयान पर आपत्ति दर्ज कराई। वहीं, कांग्रेस की ओर से प्रियंका गांधी वाड्रा, के.सी. वेणुगोपाल और गौरव गोगोई भी स्पीकर से मिलने पहुंचे। बाद में स्पीकर ने रिजिजू को दोबारा बुलाया।

बैठक के दौरान रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी ने गृह मंत्री का नाम लेकर आरोप लगाया कि उनके कहने पर गोली चलाई गई। उन्होंने इसे गंभीर और संवेदनशील मामला बताते हुए कहा कि इस तरह के आरोप बिना आधार के नहीं लगाए जाने चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि राहुल गांधी माफी नहीं मांगते हैं तो सदन चलाना मुश्किल होगा।

हालांकि, कांग्रेस नेताओं ने इन आरोपों से इनकार किया और कहा कि राहुल गांधी को अपना भाषण पूरा करने का अवसर दिया जाना चाहिए।

दरअसल, राहुल गांधी ने अपने संबोधन में छात्रों के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई का मुद्दा उठाया था। उन्होंने प्रदर्शनकारियों पर पैलेट गन के इस्तेमाल को लेकर गृह मंत्री अमित शाह से जवाब मांगा। साथ ही उन्होंने गृह मंत्री की सदन में अनुपस्थिति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यदि उन्होंने कोई आदेश जारी नहीं किया था, तो सदन में आकर इसे स्पष्ट करें।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button